गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर इलाके में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। खुशी जूस कॉर्नर के मालिक आमिर खान पर आरोप है कि वह जूस में पेशाब (यूरिन) मिलाकर ग्राहकों को परोस रहा था। इस पर लोगों ने जमकर उसकी पिटाई की है। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों की भीड़ से आमिर को बचाया और उसको हिरासत में ले लिया। उसके साथ उसके नाबालिग साथी को भी पुलिस ने डिटेन किया है. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस को जूस में पेशाब मिलाने की शिकायत मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच के दौरान एक बड़ी बोतल बरामद की गई, जिसमें कथित तौर पर पेशाब भरा हुआ था। इसे जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है। लोगों के बीच इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। स्थानीय निवासियों ने दुकानदार को पकड़कर उसकी पिटाई भी की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के दौरान किसी ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस घटना के पीछे कोई गहरी साजिश है या फिर यह दुकानदार की व्यक्तिगत हरकत थी।
















