विकास की रफ्तार अस्पताल तक: विधायक संजीव शर्मा ने एमएमजी अस्पताल में सीसी रोड निर्माण कार्य का किया शुभारंभ

-सरकारी अस्पतालों में मिलेगी प्राइवेट जैसी सुविधाएं, मरीजों व तीमारदारों को मिलेगा लाभ

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद को एक आदर्श और सुविधा-संपन्न शहर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों का प्रयास लगातार जारी है। इसी कड़ी में गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव शर्मा ने बुधवार को जिला चिकित्सालय, एमएमजी अस्पताल परिसर में सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। यह सड़क टीबी विभाग से शवदाह गृह तक बनाई जा रही है, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को आवाजाही में भारी राहत मिलेगी। विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में जिस प्रकार से सरकार ने प्राथमिकता के साथ कार्य किया है, उसी का परिणाम है कि आज सरकारी अस्पतालों में भी वे सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो पहले केवल निजी अस्पतालों तक सीमित थीं।

उन्होंने कहा कि एमएमजी अस्पताल जैसे सरकारी चिकित्सा संस्थानों को आधुनिक तकनीकों और मूलभूत ढांचे से सुसज्जित करने के लिए वे स्वयं व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य कर रहे हैं। यह सीसी रोड निर्माण उसी दिशा में एक छोटा लेकिन बेहद आवश्यक कदम है, जो सीधे जनता की सुविधा से जुड़ा है। विधायक ने यह भी कहा कि जनता ने उन्हें जिस विश्वास और भरोसे के साथ अपना प्रतिनिधि चुना है, वे उस विश्वास पर पूरी तरह से खरे उतरने का प्रयास कर रहे हैं।

उनका निरंतर प्रयास है कि गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में हर नागरिक को शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर स्तर पर प्राप्त हों। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह सहित अस्पताल के कई वरिष्ठ चिकित्सक, स्टाफ व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का समन्वय विधायक संजीव शर्मा के मीडिया सलाहकार अजय चोपड़ा द्वारा किया गया, जिन्होंने बताया कि यह सड़क निर्माण कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराया जाएगा, ताकि जनता को इसका लाभ जल्द से जल्द मिल सके।