जनता दर्शन में गूंजा आमजन का दर्द, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने दिए सख्त और त्वरित निर्देश

-लोनी में अवैध कब्जाधारियों पर चलेगा युद्धस्तर पर अभियान, विरासत शस्त्र लाइसेंस मामलों में तेजी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने आमजन की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। जनता दर्शन में लगातार बढ़ रही शिकायतों की संख्या को प्रशासनिक सक्रियता का परिणाम बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, विद्युत, स्वास्थ्य, निर्माण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। विशेष रूप से भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि लोनी क्षेत्र में किसी भी स्थिति में भूमाफियाओं और अवैध कब्जाधारियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि कब्जाने वाले दोषियों के साथ-साथ उनके सहयोगियों के विरुद्ध भी सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। भूमि से संबंधित मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर जाकर कार्यवाही करे, जिससे पीडि़तों को शीघ्र न्याय मिल सके। जनसुनवाई के दौरान विरासत के आधार पर लंबित शस्त्र लाइसेंस आवेदनों का भी उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ ने बताया कि ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जा रहा है। जिन आवेदनों में पुलिस और तहसील स्तर की जांच रिपोर्ट प्राप्त होकर सभी औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी थीं, उन्हें स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि विरासत शस्त्र लाइसेंस से संबंधित आवेदक किसी भी कार्यदिवस में शस्त्र अनुभाग, कलेक्ट्रेट गाजियाबाद से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही शस्त्र लाइसेंस से जुड़े प्रकरणों में किसी भी प्रकार की शिकायत या असुविधा होने पर संबंधित अधिकारी से सीधे संपर्क करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी न्यायिक एवं जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों से फरियादियों में राहत और प्रशासन के प्रति विश्वास दिखाई दिया।