-दिल्ली के थान सिंह की पाठशाला में लगा विशेष नेत्र जांच शिविर
उदय भूमि संवाददाता
नई दिल्ली। समाजसेवा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी पहल के तहत दिल्ली हैल्थ केयर कोआपरेटिव सोसायटी लिमिटेड के तत्वावधान में गुरुवार को डॉ श्राफ चैरिटी आई हॉस्पिटल दरियागंज, नई दिल्ली के सहयोग से लाल किला पार्किंग स्थित थान सिंह की पाठशाला में गरीब एवं अनाथ बच्चों के लिए विशेष नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के उपायुक्त डॉ सुशील कुमार विमल, डॉ शैलेन्द्र सभरवाल (डायरेक्टर, पब्लिक हेल्थ, श्राफ चैरिटी आई हॉस्पिटल) तथा गजेन्द्र पाल सिंह सारन (अध्यक्ष, दिल्ली हैल्थ केयर कोआपरेटिव सोसायटी लिमिटेड) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस मौके पर डॉ अभिमन्यु सिंह (मुख्य चिकित्सा अधिकारी, दिल्ली हेल्थ केयर), डा रामसिंह पाराशर, नवल चौहान (प्रबंधक), वेदप्रकाश (सहायक प्रबंधक), कुमारी ज्योति, विशाल, आनन्द पाल चौहान, देवेन्द्र पाल सिंह दलाल, निर्दोष तेवतिया, आशबीर सिंह, डॉ आयुष एवं आशीष कुमार जैसे कई गणमान्य और समाजसेवी उपस्थित रहे।
थान सिंह के नेतृत्व में चलाई जा रही इस अनूठी पाठशाला के बारे में जानकर सभी गणमान्यजन अत्यंत प्रभावित हुए। उपायुक्त डॉ सुशील कुमार विमल ने न सिर्फ थान सिंह जी को बधाई दी बल्कि इस मानवीय प्रयास के लिए डॉ श्राफ हॉस्पिटल एवं दिल्ली हेल्थ केयर कोआपरेटिव सोसायटी की भी खुले दिल से सराहना करते हुए कहा कि यह नेत्र जांच शिविर समाज के उन बच्चों के लिए आशा की किरण है जो अक्सर स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह जाते हैं। मैं थान सिंह जी को उनकी प्रेरणादायक पहल के लिए हार्दिक बधाई देता हूँ।
साथ ही डॉ श्राफ चैरिटी आई हॉस्पिटल और दिल्ली हेल्थ केयर कोआपरेटिव सोसायटी के इस समर्पण और सेवा भाव की सराहना करता हूँ, जिन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए यह अनमोल प्रयास किया। ऐसे कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य के क्षेत्र में बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक मजबूत कदम हैं। इस शिविर के माध्यम से कई बच्चों की आंखों की जांच की गई, जिनमें जरूरतमंदों को आगे उपचार की व्यवस्था भी दी जाएगी। यह पहल एक मिसाल है कि कैसे निजी संस्थाएं और सामाजिक कार्यकर्ता मिलकर समाज के उपेक्षित वर्गों की जि़न्दगी में नई रोशनी ला सकते हैं।


















