उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन जोन की टीम ने गुरूवार को नेशनल हाइवे-9 किनारे ग्राम महरौली में अनाधिकृत रूप से बनाई जा रही व्यवसायिक बिल्डिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के सख्त आदेश के क्रम में यह बड़ी कार्रवाई की गई। गुरूवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-5 के सहायक अभियंता अनुज कुमार, अवर अभियंता प्रशांत मिश्रा, अखिल मिश्रा ने जीडीए पुलिस की मौजूदगी में मनोज राठी पुत्र जीपी सिंह द्वारा अंग्रेजी शराब व 7 स्टार होटल के बीच
में ग्राम महरौली के खसरा संख्या-974 पर एनएच-9 से सटे अवैध रूप से व्यवसायिक बिल्डिंग का निर्माण किया गया था। इसमें दुकानें व कॉम्प्लेक्स बनाए जाने के चलते व्यवसायिक बिल्डिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। जीडीए की इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान मौके पर किसान यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा भारी विरोध किया गया। मगर पुलिस बल ने उन्हें शांत कर दिया। इसके बाद अवैध बिल्डिंग को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-5 क्षेत्र अंतर्गत अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
















