सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर गोसाईगंज में प्रदेश की सबसे बड़ी राष्ट्रीय एकता पदयात्रा, उमड़ा भारी जनसैलाब

-पूर्व विधायक इंद्रप्रताप तिवारी खब्बू के नेतृत्व में आयोजित पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं और जनता ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया
-मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह भीड़ देख हुए गदगद, रास्ते में तीन किलोमीटर तक जाम, देशभक्ति के नारों की गूंज से गूंज उठा गोसाईगंज

उदय भूमि संवाददाता
अयोध्या। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित राष्ट्रीय एकता पदयात्रा ने प्रदेशभर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पूर्व विधायक इंद्रप्रताप तिवारी खब्बू के नेतृत्व में निकाली गई यह पदयात्रा प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी पद यात्रा साबित हुई। जाने बाजार चौराहे से शुरू हुई पदयात्रा की शुरुआत सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई, जिसमें मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र और जिलाध्यक्ष संजीव सिंह उपस्थित रहे। माल्यार्पण के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और जनता ने सरदार पटेल के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। पदयात्रा मार्ग पर जाने बाजार से तारून बाजार तक के रास्ते में भारी जनसैलाब उमड़ा। हजारों की संख्या में लोग, कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और उनके शिक्षक शामिल हुए। मार्ग पर तीन किलोमीटर तक वाहनों और जनसमूह के कारण जाम लग गया। जनता ने जगह-जगह फूल मालाओं से स्वागत किया और  ‘सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें’ के नारे लगाए।

पदयात्रा जाने बाजार से निकलकर तारून बाजार में स्थित परशुराम स्मारक महिला महाविद्यालय पहुंची, जहाँ इसे जनसभा में परिवर्तित किया गया। सभा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्कूलों के स्काउट-गाइड छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारे सम्मान और गौरव का प्रतीक है। सरदार पटेल ने रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता की नींव रखी और देश को टूटने से बचाया। उनके योगदान को हमें हमेशा याद रखना चाहिए। उनका समर्पण राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक है। जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा उनके योगदान को कमतर आँका। आज की यह पदयात्रा उनके योगदान को जनता तक पहुँचाने और उनके आदर्शों को याद करने का सशक्त माध्यम है।

अयोध्या जिला प्रभारी मिथलेश त्रिपाठी ने भी सभा को संबोधित करते हुए सरदार पटेल के एकता और राष्ट्रीयता के संदेश पर प्रकाश डाला। पदयात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने के कारण सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस ने मार्ग पर चाक-चौबंद व्यवस्था बनाए रखी। पदयात्रा में उमड़ी भीड़ और भारी जनसैलाब ने आयोजन की भव्यता को बढ़ा दिया। पूर्व विधायक इंद्रप्रताप तिवारी खब्बू ने पदयात्रा के दौरान कहा कि मैं अपने क्षेत्र की जनता का हमेशा आभारी रहूँगा। जनता ने जो विश्वास और समर्थन दिया है, उसका कर्ज मैं हमेशा चुका पाऊँगा। यह पदयात्रा हमारे साझा भारत और राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित है। इस पदयात्रा ने केवल गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जागृत किया। आज यह पदयात्रा उनके योगदान और आदर्शों को याद करने और उन्हें जीवन में आत्मसात करने का अवसर है।

जनता का उत्साह और विशाल जनसैलाब देखकर मुझे गर्व महसूस हो रहा है। मैं हर संभव प्रयास करूंगा कि अपने क्षेत्र की जनता की उम्मीदों पर खरा उतर सकूँ और उनके विश्वास को सदैव बनाए रखूँ। रविंद्र तिवारी (भाजपा नेता एवं फाइनेंशियल कंसलटेंट) ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित यह राष्ट्रीय एकता पदयात्रा न केवल गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। इस पदयात्रा में युवाओं, कार्यकर्ताओं और जनता की विशाल भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि सरदार पटेल की एकता और देशभक्ति का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

हमें इस अवसर पर यह संकल्प लेना चाहिए कि हम उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्र की एकता और विकास में योगदान दें। मैं जनता से अपील करता हूँ कि वे हमेशा देश और समाज के हित में सक्रिय भूमिका निभाएँ। रास्ते में उपस्थित लोगों ने फूलों की बारिश के साथ सरदार पटेल और तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया। पदयात्रा के माध्यम से यह संदेश भी स्पष्ट हुआ कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा आज भी युवाओं और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। पद यात्रा ने राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति के महत्व को जनता के बीच जागरूकता के रूप में प्रस्तुत किया।