देशभर में 259 सेंटरों पर टेस्ट, पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री
नई दिल्ली। इंतजार की घडिय़ां समाप्त हो गई हैं। देश में शनिवार को कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन आरंभ हो गया। देशभर के 116 जनपदों में 259 सेंटरों पर वैक्सीन का ड्राई रन चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी) जाकर ड्राइन रन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कोरोना वैक्सीन की बावत जरूरी जानकारी दी। देशभर में जल्द कोरोना टीकाकरण की शुरुआत होनी है। इसके पहले ड्राई रन शुरू किया गया है। कोरोना वैक्सीन के ड्राई रन की जानकारी लेने जीटीबी अस्पताल पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि हमारी वैक्सीन का रिकवरी रेट दुनिया में सबसे अच्छा है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों से बचने की अपील भी की। केंद्र सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट के वैक्सीन कोविशील्ड को इजाजत दी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि कोरोना की वैक्सीन पूरे देश में निशुल्क लगाई जाएगी। बता दें कि ड्राई रन के दरम्यान असली वैक्सीन की जगह किसी दूसरी दवा या खाली शीशियों को ठीक उसी प्रकार से ट्रांसपोर्ट करना होगा जैसे वैक्सीन को किया जाना है। फिर उन दूसरी वैक्सीन या खाली शीशियों को अस्पतालों में वैसे ही कोल्ड स्टोर में रखा जाएगा, जैसे असली वैक्सीन को रखा जाना है। वैक्सीन के परिवहन से लेकर वैक्सीनेशन की सूचना को ऑनलाइन दर्ज करने के सिस्टम को परखा जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि देश को टीकाकरण का अनुभव है। यह वैक्सीन जनता की सुरक्षा के लिए है। उधर, दिल्ली में 3 स्थानों पर वैक्सीन का ड्राई रन चल रहा है। दिल्ली में ड्राई रन के लिए साउथ वेस्ट जनपद में द्वारका के वेंकटेश्वर अस्पताल का चयन किया गया। जबकि सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में दरियागंज डिस्पेंसरी को चुना गया। उधर, शाहदरा जनपद में दिलशाद गार्डन के गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल में ड्राई रन हो रहा है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली के 3 अस्पतालों में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन चल रहा है।
















