पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री बूटा सिंह का निधन

पीएम मोदी व राहुल गांधी ने जताया शोक

नई दिल्ली। देश के पूर्व गृह मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बूटा सिंह नहीं रहे। 80 वर्षीय बूटा सिंह का शनिवार की सुबह दिल्ली में निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया है। राहुल ने ट्वीट कर लिखा कि कांग्रेस ने एक निष्ठावान नेता खो दिया। पूर्व गृह मंत्री बूटा सिंह के निधन से कांग्रेस में एकाएक शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के अलावा विभिन्न राजनीतिज्ञों ने उनके निधन पर शोक संवेदना जाहिर की है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि बूटा सिंह जी एक अनुभवी प्रशासक के साथ-साथ गरीबों और दलितों के कल्याण की प्रभावी आवाज थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी ने भी बूटा सिंह के निधन पर शोक जताया। ट्वीट कर उन्होंने लिखा कि बूटा सिंह के निधन से पार्टी ने एक निष्ठावान नेता खो दिया। उन्होंने देश में दलित नेता के रूप में पहचान बनाई। वह अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव, भारत के गृह मंत्री और बाद में बिहार के राज्यपाल बने। उधर, वर्ष-1934 में जालंधर जनपद में जन्मेे बूटा सिंह राष्ट्रीय राजनीति का एक बड़ा नाम थे। वह 8 बार लोकसभा के लिए चुने गए थे। नेेहरू-गांधी परिवार के विश्वसनीय के तौर पर वह जाने जाते थे। सरदार बूटा सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री, कृषि मंत्री, रेल मंत्री, खेल मंत्री और बिहार के राज्यपाल के अलावा राष्ट्रीय अनुसूचित जाति कमीशन के चेयरमैन के तौर पर अहम जिम्मेदारियां निभाई। पिछले काफी समय से वह बीमार चल रहे थे। बीमारी के कारण शनिवार की सुबह दिल्ली में उनका देहांत हो गया। बूटा सिंह का अंतिम संस्कार भी आज किया जाएगा।