– जनसुनवाई में उमड़ा विश्वास, डीसीपी धवल जायसवाल ने अधिकारियों को दिया स्पष्ट आदेश-‘फर्जी निस्तारण बर्दाश्त नहीं’
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हर दिन फरियादियों की भीड़ पहुंच रही है। पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने हर दिन कि तरह बुधवार को भी अपने कार्यालय पर आम नागरिकों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान वे प्रत्यक्ष रूप से लोगों से संवाद करते हुए उनकी परेशानियों को समझते रहे और तत्काल सम्बंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिकायत का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए।
डीसीपी ने इस दौरान यह स्पष्ट किया कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का पहला कर्तव्य जनता की पीड़ा को समझना और उसे दूर करना है। समस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनता को वास्तविक राहत देने वाला होना चाहिए। शिकायत दर्ज करने मात्र से काम पूरा नहीं होता, बल्कि उसकी प्रगति पर नजर रखना और अंतिम निस्तारण तक उसे गंभीरता से देखना पुलिस की जिम्मेदारी है।
शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर जायसवाल ने यह भरोसा दिलाया कि उनकी बात सुनी भी जाएगी और उसका परिणाम भी सामने आएगा। इस जनसुनवाई से उपस्थित नागरिकों को यह विश्वास मिला कि उनकी समस्याएं अब अनसुनी नहीं रहेंगी और न ही केवल कागजों में दबकर रह जाएंगी। डीसीपी ने अधिकारियों को यह भी चेतावनी दी कि किसी भी प्रकरण में कोताही सामने आने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। गाजियाबाद पुलिस की इस पहल ने आमजन के बीच भरोसे को और मजबूत किया है। शिकायत लेकर आए लोगों का कहना था कि पहली बार उन्हें लगा कि उनकी समस्याओं को अधिकारी इतने ध्यानपूर्वक सुन रहे हैं।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिए गए जोर ने नागरिकों को यह आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग केवल कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह जनता की समस्याओं को भी अपनी प्राथमिकता मानता है। डीसीपी सिटी कार्यालय में हुई यह जनसुनवाई इस बात का प्रमाण बनी कि प्रशासन और पुलिस तंत्र यदि जनता के बीच जाकर उनकी आवाज को सुने तो विश्वास और सहयोग की नई राहें खुलती हैं। पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल का यह प्रयास जनता के लिए राहत की नई किरण के रूप में सामने आया है और इससे यह संदेश गया है कि अब गाजियाबाद पुलिस जनता की हर समस्या को गंभीरता से लेकर उसका समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करेगी।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग की कार्यशैली में पारदर्शिता और जवाबदेही अनिवार्य है। हर अधिकारी और कर्मचारी को यह सुनिश्चित करना होगा कि जनता की कोई भी समस्या अनसुनी न रहे। उन्होंने सभी सम्बंधित अधिकारियों को हिदायत दी कि शिकायतों का निस्तारण करते समय उनकी गुणवत्ता और व्यवहारिकता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
आमजन को मिला भरोसा
इस पहल से नागरिकों को प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। शिकायतकर्ताओं ने भी डीसीपी के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि इससे उन्हें यह भरोसा मिला है कि उनकी समस्याओं का समाधान अब न केवल शीघ्र होगा बल्कि पूरी ईमानदारी और गंभीरता से किया जाएगा।
















