-10 वार्डों के लिए 10 एमएलडी जलापूर्ति योजना का महापौर ने किया शुभारंभ
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र की जनता के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। महापौर सुनीता दयाल ने 17 करोड़ की लागत से बनने वाली जलापूर्ति योजना का भूमि पूजन और शुभारंभ किया। इस योजना के तहत गंगाजल की पाइप लाइन बिछाई जाएगी, जिससे विजयनगर के 10 वार्डों को सीधे गंगाजल की आपूर्ति हो सकेगी। महापौर ने कहा कि योजना का कार्य छह माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद विजयनगर के वार्ड 3, 14, 15, 23, 25, 26, 48, 51, 55 और 58 में पेयजल संकट पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। अब तक यहां भूजल स्तर नीचे जाने से पम्प जल्दी खराब हो जाते थे और जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। योजना के तहत 200 से 500 मिलीमीटर की टाटा कंपनी की पाइप लाइन डाली जाएगी। इस पाइप लाइन से गंगाजल सीधे 6 भूमिगत भंडारण (सीडब्ल्यूआर) तक पहुंचेगा और फिर इनसे क्षेत्र की 6 प्रमुख टंकियों सेक्टर 11 बी ब्लॉक टंकी, सेक्टर 11 गुलाबी टंकी, सेक्टर 12 मिर्जापुर टंकी, सेक्टर 9 नगर निगम कार्यालय के पास की टंकी, सेक्टर 9 सम्राट चौक टंकी और सेक्टर रोजबेल पब्लिक स्कूल के पास स्थित टंकी में गंगाजल पहुँचेगा।
महापौर ने बताया कि अब तक इन टंकियों में पम्प के माध्यम से जलापूर्ति की जाती थी, लेकिन अब गंगाजल सीधे पहुँचेगा और हर समय उपलब्ध रहेगा। इस योजना के पूरी तरह लागू होने से विजयनगर के 10 वार्डों में पानी की किल्लत पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री जी के आशीर्वाद से यह योजना संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने शपथ ली थी तो सबसे बड़ी समस्या विजयनगर की जलापूर्ति की ही दिखाई दी थी।
कई बार पार्षद और जनता पम्प लगाने की मांग लेकर आती थी, लेकिन पम्प लगने के बाद भी वे भूजल स्तर घटने से जल्दी खराब हो जाते थे। ऐसे में गंगाजल योजना ही स्थायी समाधान थी, और आज यह कार्य शुरू हो चुका है।
महापौर ने जनता से अपील की कि यह गंगाजल बड़ी तपस्या और प्रयास के बाद विजयनगर को मिला है। इसे व्यर्थ न बहाएं और केवल उचित स्थानों पर ही प्रयोग करें। इस अवसर पर नगर निगम के जल महाप्रबंधक के. पी. आनंद, सहायक अभियंता शेषमणि यादव, अवर अभियंता मयंक मिश्रा, जल निगम के अधिशासी अभियंता गंगाजल ब्रह्मानंद, अधिशासी अभियंता सीएनडीएस सौरभ सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

















