गाजियाबाद में 5 फरवरी से फिर शुरु होंगे विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम छूटे पात्रों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

गाजियाबाद। विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रमों की एक बार फिर शुरुआत होने जा रही है। नगर निगम द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत निगम सीमा क्षेत्र में 28 कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर निगम अधिकारियों ने कार्यक्रमों को कराने के लिए इसकी रूपरेखा बनानी शुरू कर दी है। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त एवं नोडल प्रभारी अरुण यादव ने अपने कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए।यह कार्यक्रम आगामी 5 फरवरी से 25 फरवरी तक निगम सीमा क्षेत्र में कराए जाएंगे। इसमें सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने से वंचित रहे पात्र लाभार्थियों को फिर से मौका मिल सकेगा। नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र में यह कार्यक्रम किए जाएंगे।

नोडल प्रभारी एवं जोनल प्रभारियों की देखरेख में भव्यता से कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। अपर नगर आयुक्त अरुण यादव ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत विजयनगर जोन क्षेत्र में 4 कार्यक्रम,सिटी जोन में 5 कार्यक्रम, मोहन नगर जोन में 8 कार्यक्रम,वसुंधरा में 8 कार्यक्रम, कविनगर जोन अंतर्गत 3 कार्यक्रम समेत कुल 28 कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। इन सभी कार्यक्रमों में पूर्व की तरह सरकारी योजनाओं के शिविर भी लगाए जाएंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के आयोजित हुए कार्यक्रमों में शहर में एक उत्साह का माहौल बना रहा। प्रदेश शासन के आदेश के क्रम में एक बार फिर नगर निगम के अधिकारी 28 स्थानों पर कार्यक्रम कराएंगे। इसमें जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि रूपरेखा बनाकर सभी कार्यक्रमों को भव्यता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए। पूर्व में आयोजित किए गए कार्यक्रमों में 29,754 लाभार्थियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।