घर में पड़ा वेस्ट किसी के लिए बन सकता है बेस्ट: म्युनिसिपल कमिश्नर

-वृहद स्तर पर अभियान चलाकर नगर निगम चलाएगा जन जागरूकता अभियान

गाजियाबाद। नगर निगम की तरफ से स्वच्छता को उत्साहित करने और बचे हुए सामान के फिर से इस्तेमाल या रीसाइक्लिंग के लिए शहर में कई जगह आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकिल) सेंटर बनाए गए हैं। इन सेंटरों से शहरवासी पुरानी वस्तुओं को दान कर सकते हैं। प्रयोग के बाद अगर आम नागरिकों के पास उपयोगी सामान रखे हैं तो वो इस केंद्र पर इन्हें दान दे सकते हैं। अगर हम थोड़ी-सी कोशिश करें तो बेकार चीजों का बेहतर तरीके से निस्तारण कर सकते हैं और पर्यावरण में अहम योगदान दे सकते हैं। उक्त बातें शुक्रवार को म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर वासियों से अनुउपयोगी वस्तुएं ना फेंकने एवं नगर निगम को सौंपने के लिए अपील करते हुए कहीं। उन्होंने कहा दीपावली, छठ पर्व व अन्य त्योहारों पर शहर के हर घर में साफ सफाई का माहौल रहता है। जिसके क्रम में कुछ अनुउपयोगी वस्तुएं भी निकलती हैं, जिसको अधिकांश लोग कचरा करके फेंक देते हैं।

जबकि वहीं कचरा किसी के लिए बहुत ही उपयोगी हो सकता है, वस्तु का सदुपयोग हो, एवं पुनर्चक्रण की कार्यवाही को बढ़ाते हुए नगर निगम द्वारा एक सराहनीय कदम बढ़ाया है। शहर वासियों को वेस्ट से बेस्ट बनाने के लिए भी जागरूक किया है। पुरानी किताबें, पुराने कपड़े, पुराने सामान, पुराने जूते, पुराने ऐसी वस्तुएं जो की इस्तेमाल में नहीं आ रही है, जिसको कचरा समझ कर फेक रहे हैं उसको किसी ऐसे व्यक्ति विशेष को दे, जिसके इस्तेमाल में वह वस्तु आएगी। इस प्रकार न केवल कचरे का निस्तारण भी होगा बल्कि उस वस्तु का पुन: उपयोग में लाकर सदुपयोग भी किया जाएगा। जिससे शहर की स्वच्छता में एक विशेष सहयोग होगा।

म्युनिसिपल कमिश्नर ने समस्त जोनल प्रभारी को अपने-अपने जोन के अंतर्गत ऐसी व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। जिसमें क्षेत्रीय निवासी अपने वेस्ट को अन्य के लिए निगम को सौंप सकते हैं। जिससे कचरे का निस्तारण एवं पुनर्चक्रण की कार्यवाही को बल मिलेगा। साथ ही ऐसी व्यक्ति जिनका उसे समान की आवश्यकता है, वह संपर्क कर समान इस्तेमाल के लिए ले सकते हैं। साथ ही रिड्यूस रिसाइकल और रीयूज के लिए जागरूक करने के लिए भी कहा गया। नगर निगम की टीम म्युनिसिपल कमिश्नर के नेतृत्व में शहर में वृहद स्तर पर अभियान चलाकर जन जागरूकता अभियान चला रही है।

जिसकी सराहना और सहयोग जनप्रतिनिधि गण कर रहे हैं। महापौर सुनीता दयाल एवं म्युनिसिपल कमिश्नर के निर्देश के क्रम में वेस्ट से बेस्ट बनाने की मुहिम पर जोर दिया जा रहा है। जिसमें विशेष जिम्मेदारी जोनल प्रभारी को दी गई है। म्युनिसिपल कमिश्नर द्वारा शहर वासियों से चल रहे पर्व के दौरान अपने घरों के साथ-साथ शहर की सफाई में भी सहयोग करने के लिए विशेष अपील की गई है। बाजारों में भी व्यापारी डस्टबिन का इस्तेमाल अवश्य करें। बाजारों को सुंदर बनाने के साथ-साथ गंदगी न होने देने का भी प्रयास करें, इस प्रकार अपील निगम द्वारा की गई है।