-मोदीनगर व लोनी में 14 मामलों का मौके पर निस्तारण, महिला हेल्प डेस्क और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या डॉ. हिमानी अग्रवाल ने बुधवार को मोदीनगर और लोनी तहसील में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और शिकायत निस्तारण की दिशा में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए और कुल 14 मामलों का मौके पर समाधान किया गया। डॉ. अग्रवाल ने सुबह तहसील मोदीनगर में जनसुनवाई करते हुए 6 प्रकरणों को मौके पर ही निस्तारित किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी निखिल चक्रवर्ती, एसीपी महिला अपराध सलोनी अग्रवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई के पश्चात उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मोदीनगर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी लेते हुए यह निर्देश दिया कि पात्र महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ शीघ्रता से मिलना चाहिए। साथ ही चिकित्सा प्रभारी को स्पष्ट रूप से कहा कि हर मरीज को सम्मान और समुचित इलाज मिलना चाहिए। दोपहर 2 बजे के बाद डॉ. हिमानी अग्रवाल ने लोनी तहसील में जनसुनवाई की, जहां 8 मामलों का तत्काल समाधान किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महिला से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम में एसडीएम लोनी राजेंद्र कुमार, एसीपी सलोनी अग्रवाल, डीपीओ मनोज पुष्कर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के पश्चात उन्होंने थाना लोनी में स्थापित महिला हेल्प डेस्क का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष लोनी को निर्देशित किया कि महिला उत्पीडऩ से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। डॉ. अग्रवाल ने जनसुनवाई के दौरान यह स्पष्ट किया कि महिला आयोग राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभागीय अधिकारी महिला सुरक्षा के मामलों को प्राथमिकता पर लें और पारदर्शिता से कार्य करें।

















