एचएलएम कॉलेज में गूंजा योग का मंत्र, विद्यार्थियों ने लिया नियमित योग का संकल्प

-योग शिक्षक विकास के मार्गदर्शन में हुआ अभ्यास, पूर्व आयोग सदस्य एस.पी. सिंह और अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को एचएलएम कॉलेज में आयोजित विशेष कार्यक्रम में योग, स्वास्थ्य और जागरूकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सरदार एस.पी. सिंह रहे। इस अवसर पर कॉलेज की प्रबंध समिति के चेयरमैन सुनील मिगलानी, डायरेक्टर अग्रवाल, डायरेक्टर धीरज शर्मा, युवा क्रिकेटर नमन शर्मा, कॉलेज के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, विद्यार्थी एवं योग शिक्षक विकास की उपस्थिति में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन हुआ।

योग शिक्षक विकास के मार्गदर्शन में सभी ने विभिन्न योग आसनों, प्राणायाम व ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया और योग को जीवनशैली में शामिल करने के लिए उत्साहपूर्वक सहभागिता दिखाई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और यह आज भारत की सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक बन चुका है।

मुख्य अतिथि एस.पी. सिंह ने कहा कि योग भारत की ऋषि परंपरा का उपहार है, जो अब पूरी दुनिया के लिए जीवन जीने की पद्धति बन चुका है। योग न केवल हमें स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक और आत्मिक सशक्तिकरण भी करता है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने नियमित रूप से योग करने और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। आयोजन की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया कि एचएलएम कॉलेज न केवल शिक्षा के क्षेत्र में, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।