ब्रिज विहार में गूंजा योग का उद्घोष, सैकड़ों नागरिकों ने किया सहभाग

-भारत विकास परिषद के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित हुआ भव्य योग सत्र

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को ब्रिज विहार वार्ड 68-ए ब्लॉक पार्क में भारत विकास परिषद के तत्वावधान में एक भव्य योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वार्ड पार्षद विनय चौधरी ने किया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं योग प्रेमियों ने भारी संख्या में भाग लिया। योग दिवस के इस आयोजन में संतराम शास्त्री, सुधीर राय, संजय, डॉ. बलवीर कसाना, पिंकी तोमर और भारत सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने योग के विभिन्न आसनों और प्राणायामों के माध्यम से स्वास्थ्य और आत्मिक शांति की अनुभूति प्राप्त की।

पार्षद विनय चौधरी ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति की आत्मा है। आज जब पूरा विश्व योग की शक्ति को स्वीकार कर चुका है, ऐसे में हर नागरिक का दायित्व है कि वह इसे अपने जीवन में अपनाकर न केवल खुद को स्वस्थ रखे, बल्कि समाज को भी सकारात्मक दिशा दे।

उन्होंने कहा कि ब्रिज विहार जैसे शहरी क्षेत्रों में दिनचर्या की भागदौड़ और तनाव के बीच योग ही एक ऐसा साधन है जो संतुलन, शांति और आत्मबल प्रदान कर सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने नियमित योग अभ्यास की शपथ ली और भारत विकास परिषद के प्रयासों की सराहना की। आयोजन स्थल पर अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण ने यह दर्शा दिया कि योग अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है, और इसमें सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी हो रही है।