• मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने योग की महत्ता पर डाला प्रकाश, ‘मां के नाम एक पौधा’ अभियान में किया पौधारोपण
• एनडीआरएफ जवानों और सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, निरोग रहने का लिया संकल्प
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के अंतर्गत चल रहे योग सप्ताह के पंचम दिवस पर आयोजित योग कार्यक्रम एक जनआंदोलन के रूप में सामने आया। एनडीआरएफ हरसांव परिसर में गुरुवार को जिला प्रशासन और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस योगाभ्यास कार्यक्रम में एनडीआरएफ के जवानों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योग के प्रति उत्साह और जागरूकता का परिचय दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री श्री नरेन्द्र कश्यप ने योग के लाभों पर विस्तृत विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि हम प्रतिदिन योग को अपने जीवन में उतार लें, तो न केवल शरीर बल्कि मन भी स्वस्थ रहता है। कुण्डलिनी योग जैसी विधाओं को अपनाकर अनेक गंभीर रोगों से स्वत: ही बचाव संभव है।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास और संतुलित आहार न केवल शरीर को ऊर्जावान बनाते हैं, बल्कि व्यक्ति के मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास में भी वृद्धि करते हैं। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे योग को दैनिक जीवनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम में उपस्थित योग साधकों को योग गुरु यश पाराशर और प्रशिक्षकगीतक संधू द्वारा योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया। सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी जैसे विभिन्न योगासन और श्वास तकनीकों के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को योग का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अशोक कुमार राणा, आयुष जिला कार्यक्रम प्रबंधक अर्चना श्रीवास्तव, कमांडेंट, डीसी पवन कुमार, योग प्रशिक्षकगण, आयुष चिकित्सकगण एवं एनडीआरएफ के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने पूरे मनोयोग से योगाभ्यास कर स्वस्थ भारत की भावना को और प्रबल किया। कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरक पहल करते हुए ‘मां के नाम एक पौधा’ अभियान के तहत मंत्री नरेन्द्र कश्यप, एडीएम सिटी विकास कश्यप, मंत्री प्रतिनिधि सौरभ जायसवाल, डॉ. अशोक कुमार राणा व अन्य गणमान्य अतिथियों ने पौधारोपण किया। इस भावनात्मक पहल ने सामाजिक चेतना और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का भी संदेश दिया।


















