गाजियाबाद बनेगा प्लास्टिक मुक्त आदर्श शहर: नगर निगम का महाअभियान पूरे जोरों पर

-31 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान, हर जोन में होगी सघन जांच और कठोर कार्यवाही
-प्लास्टिक उन्मूलन जनांदोलन बने, हर नागरिक निभाए भागीदारी: विक्रमादित्य सिंह मलिक

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्लास्टिक के बढ़ते दुष्प्रभावों से पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को बचाने के उद्देश्य से गाजियाबाद नगर निगम ने शहर को पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में एक महा जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। यह अभियान 12 जून से आरंभ होकर 31 जुलाई तक सभी पांचों जोनों इंदिरापुरम, सिटी, साउथ, कविनगर और मोहननगर में तीव्र गति से चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में चल रहे इस विशेष अभियान में नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन टीम और स्वास्थ्य विभाग की इकाई मिलकर बाजारों, मोहल्लों, वाणिज्यिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर डोर टू डोर जागरूकता फैला रही है।

इसके अतिरिक्त प्लास्टिक के बहिष्कार हेतु नुक्कड़ नाटक, परामर्श शिविर, रैली और प्लास्टिक लाओ, थैला ले जाओ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता को सक्रिय रूप से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक अभियान नहीं बल्कि पर्यावरण सुधार का सामाजिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक उन्मूलन को सफल तभी बनाया जा सकता है जब हर नागरिक इसमें अपनी जिम्मेदारी समझे और दैनिक जीवन से प्रतिबंधित प्लास्टिक का पूर्णत: बहिष्कार करे। नगर निगम ने दुकानदारों, पटरी व्यापारियों, रेस्टोरेंट संचालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण की रक्षा हेतु सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग तत्काल बंद करें। निगम द्वारा बार-बार चेतावनी के बावजूद प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के खिलाफ चालान और विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।

‘आरंभ 6.0Ó के तहत जन अभियान
अपर नगर आयुक्त श्री अवनींद्र कुमार ने बताया कि आरंभ 6.0 के अंतर्गत प्लास्टिक के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान अपने आप में एक पर्यावरणीय जनक्रांति है। नुक्कड़ नाटकों, गीत-संगीत, और प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से लोगों को यह समझाया जा रहा है कि प्लास्टिक न केवल धरती की सेहत बिगाड़ता है बल्कि मानव जीवन के लिए भी दीर्घकालिक खतरा बन चुका है। उन्होंने बताया कि कि आगामी सप्ताहों में प्रत्येक जोन में शिविर आयोजित कर नागरिकों को कपड़े या जूट के थैले नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे, ताकि वे प्लास्टिक का विकल्प अपनाएं।

नागरिकों की भागीदारी से ही बनेगा स्वच्छ और सतत गाजियाबाद
नगर निगम का यह प्रयास तभी सार्थक सिद्ध होगा जब हर नागरिक बच्चे, युवा, महिलाएं, दुकानदार, छात्र इसमें भागीदार बनें। पार्षदों, व्यापारी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय स्वयंसेवी संगठनों से लगातार संवाद स्थापित कर निगम यह सुनिश्चित कर रहा है कि अभियान केवल सरकारी स्तर तक सीमित न रहकर एक लोक जागरूकता आंदोलन बन जाए।

विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

प्लास्टिक उन्मूलन सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि यह हमारे शहर के भविष्य को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाने का एक सामूहिक संकल्प है। गाजियाबाद को प्लास्टिक मुक्त आदर्श शहर बनाने की दिशा में हम तेजी से काम कर रहे हैं। नागरिकों से मेरा आग्रह है कि वे इस अभियान को सिर्फ सरकारी प्रयास न समझें, बल्कि इसे जन आंदोलन बनाएं। हर व्यक्ति, हर घर, हर दुकान यदि प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग बंद कर दे, तो हम जल्द ही गाजियाबाद को देश के सबसे साफ शहरों की श्रेणी में शामिल कर पाएंगे।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त