नगर निगम ने कब्जा मुक्त कराई ढाई करोड़ की भूमि

गाजियाबाद। अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने भी गंभीर रूख अपना रखा है। नगर निगम ने सोमवार को अर्थला में कार्रवाई कर करीब ढाई करोड़ की भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया। मुक्त कराई गई भूमि पर पुन: अतिक्रमण न हो, इसके लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अर्थला पीर के पास हिंडन विहार में नगर निगम की भूमि पर अवैध कर बाउंड्रीवाल एवं कमरे का निर्माण कर लिया गया था। विभाग ने करीब 500 वर्ग मीटर भूमि को कब्जा मुक्त कराया है।

अपर नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी आरएन पांडेय की अगुआई में मोहन नगर के जोनल प्रभारी राजवीर सिंह, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ एवं प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल दीपक शरण ने प्रवर्तन दस्ते और पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी मशीन चलाकर कब्जा की गई 500 वर्गमीटर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। अपर नगर आयुक्त आरएन पांडेय ने बताया कि अर्थला के खसरा नंबर-1314 हिंडन विहार नगर निगम की खाली पड़ी जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर बाउंड्रीवाल कर ली गई थी।

इसकी शिकायत मिलने के बाद टीम के साथ जेसीबी मशीन चलाकर 500 वर्गमीटर जमीन को बाउंड्रीवाल ध्वस्त करते हुए कब्जामुक्त कराई गई। मोहननगर जोनल प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि कब्जामुक्त कराई गई 500 वर्गमीटर जमीन की वर्तमान में करीब 2.50 करोड़ रुपए कीमत है। मौके पर चेतावनी दी गई कि अगर जमीन पर दोबारा कब्जा किया गया तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।