गाजियाबाद। यूपी कौशल विकास मिशन के तहत कौशल सतरंग कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक एवं एलईडी वैन के जरिए युवाओं को जागरूक करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल ने विकास भवन के सामने से वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीडीओ ने कहा कि कौशल विकास मिशन का मुख्य उद्देश्य समाज के हर व्यक्ति को हुनरमंद बनाना हैं। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं यूपी कौशल विकास मिशन के कोर्स की जानकारी देने के लिए कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सीडीओ अस्मिता लाल ने कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक राधा कृष्ण,जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, एमआईएस मैनेजर दानिश, राहुल कुमार आदि की मौजूदगी में वैन को रवाना किया। उन्होंने कहा कि जिले के चार प्रमुख स्थान डासना देहात,भोजपुर ब्लॉक,मुरादनगर,लोनी ब्लॉक के लिए रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नुक्कड़ नाटक एवं वैन में लगी एलईडी इन चारों स्थानों पर नुक्कड़ नाटक एवं प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इससे युवाओं को कौशल प्रशिक्षण व रोजगार के बेहतर व अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराने का मुख्य उद्देश्य हैं। जिला समन्वयक राधा कृष्ण ने कहा कि कौशल विकास मिशन के तहत जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे।















