-गन्ना मूल्यों को लेकर डीएम की किसानों से चर्चा
गाजियाबाद। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में गन्ना मूल्य भुगतान एवं विलम्बित गन्ना मूल्य अवधि के ब्याज भुगतान सम्बन्धी बैठक संपन्न हुई। बैठक में गन्ना कृषकों द्वारा विगत पेराई सत्रों (2018-19 एवं 2019-20) का विलम्बित गन्ना मूल्य अवधि का ब्याज एवं पेराई सत्र 2020-21 का गन्ना मूल्य भुगतान कराने की मांग की गयी। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा गन्ना आयुक्त उप्र, लखनऊ के स्तर से जारी निर्देशों के अनुपालन में चीनी, शीरा एवं बैगास की बिक्री से प्राप्त धनराशि के 85 प्रतिशत से गन्ना मूल्य एवं विकास अंशदान का भुगतान करने से अवगत कराया गया। विगत पेराई सत्रों ( 2018-19 एवं 2019-20 का विलम्बित गन्ना मूल्य अवधि का ब्याज भुगतान कराने के सम्बन्ध में जिलाधिकारी द्वारा जिला गन्ना अधिकारी को उक्त प्रकरण के सम्बन्ध में गन्ना आयुक्त लखनऊ को पुन: अनुस्मारक पत्र लिखते हुये निर्देश प्राप्त करने एवं प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही पेराई सत्र 2020-21 के अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान के लिए तत्काल अधिक मात्रा में चीनी का विक्रय कर प्राप्त धनराशि से त्वरित गति से अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान करने के संबंध में अध्यासी चीनी मिल मोदीनगर को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश सिंह, चीनी मिल प्रतिनिधि एवं कृषक उपस्थित रहे।
















