अपर मुख्य सचिव ने संयुक्त अस्पताल का निरीक्षण किया

गाजियाबाद। जिला संयुक्त चिकित्सालय सेक्टर-23 संजयनगर में निरीक्षण करने पहुंचे प्रदेश के अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद अस्पताल में इमरजेंसी शुरू न होने से नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर एवं सीएमएस को फटकार लगाई। अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने अस्पताल में सीडीओ अस्मिता लाल, सीएमओ डॉ.भवतोष शंखधर, सीएमएस डॉ. संजय तेवतिया, डॉ.आरसी गुप्ता आदि डॉक्टरों की मौजूदगी में उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया और बनाए गए पीकू वार्ड का भी बारीकी से निरीक्षण किया। चिकित्सकों से व्यवस्थाओं पर जानकारी ली। इसके बाद टीकाकरण केंद्र पर वैक्सीन लगवाने आए लोगों से भी बात की।शुक्रवार दोपहर को अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद संजय नगर स्थित संयुक्त अस्पताल में कोरोना की तीसरी लहर को लेकर की जा रहीं व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। अस्पताल में इमरजेंसी शुरू न होने पर उन्होंने संयुक्त अस्पताल के सीएमएस डॉ.संजय तेवतिया को फटकार लगाई और निर्देश दिए कि हर हाल में सोमवार से अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं शुरू हो जानी चाहिए। इसके साथ ही ट्रामा सेंटर की व्यवस्था को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट लगाने का कार्य तय समय पर पूरा कराया जाएगा।अपर मुख्य सचिव ने कहा कि अगस्त में अस्पताल में दोनों प्लांट बनकर तैयार हो जाने चाहिए। पीकू वार्ड के निरीक्षण के दौरान कहा कि वार्ड में मानकों के अनुसार कोविड-19 से बचाव के लिए तैयारी पूरी जानी चाहिए। इसके बाद वह जिला एमएमजी अस्पताल और भोजपुर ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। उन्होंने वहां प्लांट का तेजी से निर्माण कार्य करते हुए जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।