मिलावटी शराब: जिले भर विशेष सतर्कता अभियान

-आबकारी विभाग अधिकारी ने दिखाए तेवर, होगी सख्त कार्रवाई
-40 लीटर कच्ची शराब बरामद एवं 3 हजार किग्रा लहन को किया नष्ट

गाजियाबाद। अवैध शराब का कारोबार खत्म करने और मिलावटी शराब की बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग विशेष सतर्कता अभियान चला रहा है। अलीगढ़ शराब कांड की घटना के बाद आबकारी विभाग और चौकस हो गया है। तस्करी रोकने एवं तस्करों पर लगाम कसने के लिए गये अभियान के तहत आबकारी विभाग एवं टीला मोड़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की कार्रवाई के दौरान 40 ली0 कच्ची शराब बरामद एवं 3 हजार कि0ग्रा0 लहन को नष्ट किया गया। जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन के रोकथाम के लिए चलाए जा रहें अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा सेक्टर-3 एवं आबकारी निरीक्षक विवेक दुबे प्रवर्तन मेरठ एवं टीला मोड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार शाम को महमूदपुर, भनेड़ा तथा भूपखेड़ी आदि संदिग्ध स्थलों पर दबिश कर गहन तलाशी की गई। चेकिंग अभियान एवं छापेमारी की कार्रवाई के दौरान भूपखेड़ी तथा भनेड़ा हिंडन नदी खादर से 40 ली0 कच्ची शराब बरामद एवं 3000 कि0ग्रा0 लहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। जिला आबकारी अधिकारी राकेश सिंह ने बताया जनपद में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए ठोस प्रयास जारी है। शराब माफिया पर नकेल कसने के लिए मातहतों को पूरी छूट दी गई है। अवैध शराब की बिक्री रोकने को जारी अभियान की प्रतिदिन रिपोर्ट तलब कर समीक्षा की जा रही है।