-अलीगढ़ की घटना के बाद सकते में सरकारी तंत्र
-जिलेभर में शराब की 507 दुकानों पर छापे
गाजियाबाद। जनपद अलीगढ़ में जहरीली शराब के सेवन से 38 नागरिकों की मौत के बाद गाजियाबाद में भी आबकारी विभाग एकाएक सकते में आ गया है। हमेशा की तरह स्थानीय स्तर पर पुलिस और आबकारी अधिकारियों को निलंबित कर शासन और प्रशासन अपने कर्तव्य की इतिश्री कर लेता है। हर बार जांच बैठा दी जाती है, लेकिन जांच का नतीजा क्या आता है? इसे गोपनीय ही रखा जाता है। अभी तक जिम्मेदार विभागों के आला अफसरों ने किसी भी घटना के बाद यह जानने का प्रयास नहीं किया कि आखिर गांवों में जहरीली शराब आती कहां से है। पुलिस-प्रशासन एवं आबकारी विभाग की टीमों ने शनिवार को जिलेभर में शराब की 507 दुकानों पर छापेमारी की।
इस बीच शराब की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने संग्रहित किए गए। बार कोड की भी जांच की गई। शहर में शराब की दुकानों पर एसडीएम (सदर) डीपी सिंह, मोदीनगर में एसडीएम आदित्य प्रजापति और लोनी में एसडीएम शुभांगी शुक्ला के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षकों के साथ शराब की दुकानों पर छापेमार कार्रवाई की गई।
20 दुकानों से देसी और विदेशी शराब के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। वहीं, जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अवैध रूप से शराब बेचने वाले 73 लोगों की अब धरपकड़ की जाएगी। अवैध शराब बनाने एवं बेचने वाले 73 संदिग्ध लोगों की कुंडली तैयार की है। इनका पूरा विवरण एसएसपी को भेजा गया है। क्षेत्र के थाने के अलावा चौकी को भी सूची भेजी गई है।
क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक द्वारा रोजाना इन लोगों की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा 53 अवैध शराब के अड्डों की सूची भी पुलिस को भेज दी गई है। आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा सेक्टर-3, आबकारी निरीक्षक आशीष पांडेय सेक्टर-4, आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2 टी.एस. ह्यांकी, आबकारी निरीक्षक अरुण कुमार, शिव शंकर सिह टीम के साथ लगातार क्षेत्रों में चेकिंग करते हुए दुकानों पर पुलिस टीम के साथ छापेमारी करते रहें। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि दुकान से शराब खरीदकर ही सेवन करनी चाहिए।
मिथाइल एल्कोहल को शराब समझकर उसका सेवन करने से ही जान जाने की पूरी संभावना रहती है। यह जहर होता है। रंग,गंध एवं स्वाद में यह बिल्कुल एथाइल एल्कोहल जैसा ही होता है। अवैध शराब का सेवन करने से बचना चाहिए। अवैध शराब बेचने एवं बनाने वालों की सूचना मोबाइल नंबर-9454465653 पर दे सकते हैं। लोनी एवं मुरादनगर क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए छापेमारी कार्रवाई तेज कर दी गई है।















