-75 विमानों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब, शौर्य और पराक्रम का परिचय
-भारतीय वायुसेना ने मनाया 89वें स्थापना दिवस
-1 हजार किलों का खादी का तिंरगा रहा आकर्षद का केन्द्र
-आत्मनिर्भर और सक्षम थीम पर जवानों ने आकर्षक परेड पेश कर दी सलामी
गाजियाबाद। एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि देश की अखंडता और सीमाओं की सुरक्षा के लिए वायु सेना पूरी तरह से तैयार है। बाहरी ताकतों को भारतीय क्षेत्र का कतई उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा। एयर चीफ मार्शल ने बाहरी ताकतों का जिक्र कर एक तरह से चीन-पाकिस्तान को स्पष्ट चेतावनी दी है। भारतीय वायुसेना के 89वें स्थापना दिवस के अवसर पर हिंडन एयरबेस में आयोजित भव्य कार्यक्रम में एयर चीफ मार्शल ने देशवासियों को आश्वस्त किया कि इंडियन एयरफोर्स प्रत्येक चुनौती का सामना करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा व संप्रभुता के लिए वायु सेना हर परिस्थिति से निपटने को तैयार है। दुश्मन चाहे कोई भी हो, हर कीमत पर राष्ट्र की रक्षा के लिए वायुसेना तत्पर है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों वायुसेना ने यह साबित किया है कि चुनौतियों के आने पर जवान और सक्षम व बेहतर हुए हैं।
एयर चीफ मार्शल चौधरी ने कहा कि वक्त की मांग है कि हम उच्च तकनीक परियोजनाओं में आत्मनिर्भर बनें। हमें तकनीक को अपग्रेड करना होगा। नवोन्मेषी विचार लंबे समय से हमारी ताकत रहे हैं। एकजुटता ही हमारा अटूट विश्वास है। मेरे लिए वायुसेना का नेतृत्व करना गर्व की बात है। पिछले कुछ वर्षों में युद्ध का तरीका बदल गया है। उसी हिसाब से हम भी अपने को ढाल रहे हैं। वायुसेना कर्मियों को नई तकनीक और नए कार्यक्रमों से प्रशिक्षित किया जा रहा है।
कम कीमत में सर्वश्रेष्ठ विमान और रक्षा उपकरण उपलब्ध कराने का प्रयास चल रहा है। इसलिए इस साल वायुसेना दिवस की थीम आत्मनिर्भर और सक्षम है। उन्होंने कोविड काल और अफगानिस्तान संकट के दौरान वायुसेना के कार्यों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए नौसेना प्रमुख एडमिरल कर्मवीर सिंह, थल सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवाणे व चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ जनरल विपिन रावत उपस्थित रहे। इस बार वायुसेना दिवस की थीम आत्मनिर्भर व सक्षम थी। आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर समारोह में अपने हैरतअंगेज करतबों से हैरान कर देने वाले वायुसेना के विमानों की संख्या भी 75 ही थी। इस दौरान परेड़ स्थल पर मौजूद 1 हजार किलों का खादी का तिंरगा भी चर्चा का विषय रहा। जिसकी लंबाई 225 फिट व चौडाई 150 फिट थी।
वायु सेना के स्थापना दिवस पर आसमान में तेजस सुखोई, मिग-31, ग्लोब मास्टर विमान ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर सभी को हतप्रभ कर दिया। एयरफोर्स-डे पर वायुवीरों का शौर्य, राफेल और सुखोई ने भी दम दिखाया। भारतीय जेट्स और हेलिकॉप्टर्स ने अपना दमखम दिखाया। वायुसेना के जवानों ने हैरतअंगेज करतबों के जरिए अपना शौर्य प्रदर्शित किया। समारोह में एयर चीफ मार्शल ने परेड की सलामी ली।
इस दौरान तेजस, सुखोई मिग-29 राफेल आदि विमानों ने सामने से करतब दिखाए। स्वदेशी विमान तेजस समेत फ्रांस से आए राफेल ने आसमान में अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर देश की ताकत का एहसास कराया। वायुसेना के जवानों ने भारत-पाक युद्ध के 50 साल पूरे होने पर अपने शौर्य का खास प्रदर्शन किया। सूर्यकिरण ने ऐरोबेटिक में ग्लोबमास्टर विमान के साथ करतब दिखाया। इसी तरह भारतीय विमानों ने डायमंड फार्मेशन, ट्रांसफार्मर से दर्शकों को तालियां बजाने के लिए मजबूर कर दिया। विनाश फार्मेशन का प्रदर्शन गु्रप कैप्टन ए माथुर ने किया। 1971 में लौंगेवाला में जीत दिखाने के लिए एल शेप में फरर्फोश बनाया।
राष्ट्रपति कोविंद और प्रधानमंत्री मोदी ने भी दी बधाई
भारतीय वायुसेना के 89वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लिखा, एयरफोर्स-डे पर वायु योद्धा और उनके परिवारों को बधाई। भारतीय वायु सेना साहस, परिश्रम और व्यावसायिकता का पर्याय है।
चुनौतियों के समय में देश की रक्षा करने के साथ-साथ अपनी मानवीय भावना भी दिखाई है। उधर, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा, वायुसेना दिवस पर वायु योद्धाओं, पूर्व कर्मी और उनके परिवारों को बधाई। राष्ट्र को भारतीय वायु सेना पर गर्व है, जिसने शांति और युद्ध के दौरान बार-बार अपनी क्षमता साबित की है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि भारतीय वायुसेना उत्कृष्टता के अपने पोषित मानकों को बनाए रखना जारी रखेगी।
उत्कृष्ट सेवा के लिए जवानों का सम्मान
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने उत्कृष्ट सेवा के लिए जवानों को सम्मानित किया। वायुसेना दिवस के मौके पर वायुसेना गैलेंट्री अवार्ड से गु्रप कैप्टन सोमित्र, विंग कमांडर विभू, अंबा अग्रवाल, राहुल, स्क्वाड्रन लीडर विवेक गेरोला, अरुण दीप, आनंद सिंह, केजी राजू, वरुण, कुलदीप राजावत, कोरपोरल पहाड़ सिंह थरपड़ सम्मानित हुए। वायुसेना मेडल से गु्रप कैप्टन प्रोमित सिंह,अर्जुन श्रीधर, राजगोपालन मोहंत, रणप्रीत सिंह सोडी, वेदप्रकाश सिंह, नितिन कुमार वत्स, निखिल व्यास, अजय कृष्णन मिश्रा, विपुल मिश्रा, अभिषेक शुक्ला,सचिन आनंद, प्रणव शिशौदिया, सुशांत मिश्रा, मोहित श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सुनील अग्रवाल, हरीशंकरन, कोसोरी अप्पीरप, रिषी सेठ,अमित शर्मा,संजय बहुखंडी,हम्पापुरम,भागवत, मनीष, विकास,मुकुंदविठल खरे,वृहदप्रसाद साहूल अमित कुमार और मनोज कुमार राणा, तनवीर सिंह, बालभुरगन सिंदूर पांडी, संदीप धीमान, नवनीत सिंह, प्रवीण दीक्षित, ए. रवि, शैलेष कुमार, एस देसाई, पुलकित और सुरेश कुमार, मुकुंद लाल उपाध्याय को वायु सेना चीफ अवार्ड से सम्मानित किया गया। समारोह की शुरूआत आकाश गंगा टीम ने 8 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर की। आकाश गंगा टीम का प्रतिनिधित्व स्क्वाड्रन लीडर वरुण सिंह जमवाल और सार्जेंट सुनील कुमार ने किया। स्क्वाड्रन लीडर जयंत भारतीय वायुसेना का ध्वज लेकर तिरंगे पैराशूट में उतरे तो दर्शकों ने उनका तालियां बजाकर हौसला बढ़ाया।
















