श्री राम विवाह के रूप में रामलीला कमेटी करेगी कन्यादान

गाजियाबाद। श्री आदर्श धार्मिक रामलीला कमेटी संजयनगर द्वारा इस बार रामलीला मंचन के दौरान श्री राम विवाह के रूप में कन्या का विवाह कराएगा। जिसमें सभी रिति रिवाजों को निभाया जाएगा। समिति द्वारा की गई यह पहल शहर में होने वाली अन्य रामलीला कमेटियों के लिए भी एक आदर्श रामलीला और समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।
शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान समिति अध्यक्ष कौशल शर्मा ने मुख्य संरक्षक मोहन सिंह रावत, संरक्षक रंिवंद्र राणा, संजीव चौधरी, बृजेश शर्मा, सुमित चौहान, सुदर्शन शर्मा व परमार्थ समिति के चेयरमैन वीके अग्रवाल की मौजूदगी में बताया कि लगातार दुसरे साल भी कोरोनाकाल के चलते बड़े स्तर पर रामलीला का मंचन एवं मेले का आयोजन नही कराया जा रहा है। मगर प्रतीकात्मक रूप से कल यानि शनिवार से संजयनगर सेक्टर-23 रामलीला मैदान में विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शनिवार सुबह भूमि पूजन एवं हवन होगा। 10 अक्टूबर को भजन कार्यक्रम, 11 अक्टूबर को कन्या विवाह, 13 को सुंदर कांड एवं भजनकीर्तन, 14 को गरबा डांस और 15 अक्टूबर को कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। 11 अक्टूबर को श्रीराम विवाह के दौरान जरूरतमंद परिवार की बेटी का समिति द्वारा अन्य लोगों के सहयोग से कन्यादान कर विवाह संपन्न कराया जाएगा। सभी रीति रिवाज रामलीला मंचन की तरह ही आयोजित किए जाएंगे। जहां राम रूपी वर द्वारा धनुष भी तोडऩे की रीति कराई जाएगी। यह दृश्य अपने आपमें एक आलोकिक है।