नगर निगम की सराहना, गाजियाबाद से अन्य शहर सीखेंगे जल शुद्धिकरण का तरीका

-नदियों में जल प्रदूषण रोकने, कार्यशाला का आयोजन

गाजियाबाद। जल शुद्धि करण के लिए नगर निगम द्वारा जिले में किए गये कार्यो की सराहना अन्य शहरों में भी होने लगी है। गाजियाबाद नगर निगम के नालों के जल को शुद्ध करने के मॉडल को अब अन्य शहर के नगर निगम एवं नगर पालिका अपनाएंगे। शनिवार को नदियों में जल प्रदूषण को रोकने के संबंध में अपर मुख्य सचिव नगर विकास विभाग उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में गाजियाबाद नगर निगम सहित उत्तर प्रदेश के समस्त नगर निगम व नगर पालिका द्वारा हिस्सा लिया गया। कार्यशाला में मुख्य रूप से गंगा नदी के पूर्णद्धार हेतु किए जा रहे नालो व नदियों के जल के उपचार के कार्य का प्रदर्शन किया गया। मेयर आशा शर्मा तथा नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशन में शहर के कई नालों का बायोरेमेडीएशन का कार्य सस्ती एवं उच्च तकनीकी द्वारा प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। गाजियाबाद की नालों व नदियों के जल को प्रभावी रूप से शुद्ध करने के लिए जिस तकनीकी का प्रयोग किया जा रहा है उसका प्रदर्शन उत्तर प्रदेश के समस्त नगर निगमों के सामने गाजियाबाद नगर निगम के जल विभाग द्वारा किया गया। वाराणसी प्रयागराज तथा गाजियाबाद नगर निगम द्वारा पीपीटी के द्वारा प्रदर्शन किया गया जिसमें गाजियाबाद नगर निगम से डॉक्टर उमर सेफ सीएलसी तथा सहायक अभियंता जल आश कुमार द्वारा प्रभावी ढंग से प्रदर्शन किया गया कि किस प्रकार गाजियाबाद में नालों को गति प्रदान करते हुए उनके जल को शुद्ध किया जा रहा है तथा उनमें ऑक्सीजन की मात्रा को बढ़ाया जा रहा है। नगर निगम द्वारा इस्तेमाल की जा रही तकनीकी सोलर स्मार्ट कंटीन्यूअस मॉनिटरिंग सिस्टम की समस्त उपस्थित निगमों द्वारा सराहना की गई। साथ में प्रशिक्षण टीम द्वारा भी गाजियाबाद नगर निगम के नालों के जल को शुद्ध करने के मॉडल को सराया गया। कार्यशाला में अन्य निगमों से आए अधिकारियों द्वारा गाजियाबाद नगर निगम की तकनीकी को समझने के लिए इच्छा जाहिर की जा रही है तथा लगातार नगर निगम की जल विभाग की टीम से संपर्क साधा जा रहा है। अलीगढ़ नगर निगम, बाराबंकी नगर पालिका, मुजफ्फरनगर नगर पालिका, शामली नगर पालिका तथा मेरठ नगर निगम द्वारा अब तक गाजियाबाद नगर निगम से संबंधित कार्यवाही हेतु संपर्क साधा जा रहा है। ताकि अपने क्षेत्र में इस प्रकार कुशल तकनीकी से नदियों के जल को प्रदूषण से मुक्त करने में बेहतर कार्यवाही की जा सके। मेयर तथा नगर आयुक्त सहित पार्षदों शहर में नालों व नदी के जल की शुद्धिकरण हेतु किए जा रहे कार्य की सराहना की तथा टीम द्वारा बेहतर प्रदर्शन कर नगर निगम का नाम रोशन करने पर बधाई दी गई।