जनपद में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान
गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.के. गुप्ता की उपस्थिति में शुक्रवार को कोविड-19 वैक्सीनेशन का चरण शुरू किया गया। इस दौरान डीएम ने टीकाकरण के महा अभियान को पूर्ण मानकों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। डीएम और सीएमओ ने कोविड-19 टीकाकरण के प्रथम चरण के तहत जनपद गाजियाबाद के तमाम वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। जनपद में 31 सेंटर पर हेल्थ विभाग एवं प्रशासन द्वारा संचालित वैक्सीन अभियान का जायजा लेने स्वयं जि़लाधिकारी फील्ड में उतरे। जनपद में 31 सेंटरों पर 40 टीमों द्वारा वैक्सीनेशन की कार्रवाई की गई। 
प्रत्येक टीम को 100 लाभार्थियों को वैक्सीन लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। डीएम सबसे पहले संतोष हॉस्पिटल गए। जहां कोविड वैक्सीन कार्यक्रम को जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने नरेंद्र मोहन हॉस्पिटल मोहन नगर, ईएसआई हॉस्पिटल साहिबाबाद, ली क्रेस्ट हॉस्पिटल वसुंधरा व जिला महिला हॉस्पिटल में कोविड वैक्सीन अभियान को देखा। वहां वैक्सीनेशन में लगे स्वास्थ्य कर्मियों एवं चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वैक्सीन सेंटर के मुख्य द्वार, वैक्सीनेशन रूम, ऑब्जर्वेशन रूम, ट्रीटमेंट सेंटर आदि को देखा। डीएम ने कोविड वैक्सीनेशन के लिए आए लाभार्थियों को बधाई दी। 
इस दौरान लोगों ने जिलाधिकारी के साथ सेल्फी भी ली। मैक्स अस्पताल वैशाली में 500 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया। वैशाली स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में सबसे ज्यादा शुक्रवार को 500 स्वास्थ्य कर्मी, डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ को टीका लगाए गए। वहीं यशोदा कौंशाबी में 305 स्वास्थ्य कर्मी, डॉक्टर,नर्स को टीका लगाए गये। सभी ने टीकाकरण अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पांच बूथों पर एक साथ टीकाकरण कराया गया। अस्पताल की मेडिकल अध्ीाक्षक डॉ.निधि एम देव ने कहा कि हम सभी को टीका लगवाना चाहिए और सुरक्षित रहना चाहिए। टीकाकरण के बाद किसी भी कर्मचारी की कोई प्रतिकूल प्रतिक्रिया नहीं थी। टीकाकारण सेंटर की सीडीओ अस्मिता लाल,सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार,सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता के अलावा स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीडीओ अस्मिता लाल ने कहा कि जिले में आज 31 सेंटर पर टीकाकरण् किया गया। टीकाकरण के चलते सभी सेंटर पर व्यवस्था चेक की गई। सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता ने बताया कि जिले में अब 28 और 29 जनवरी को तीसरे चरण का टीकाकरण किया जाएगा। इस दौरान कुल 40 सत्र होंगे। कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए यशोदा अस्पताल की निदेशक डॉ. शशि अरोड़ा ने बताया कि कोरोना का टीका सुरक्षित है। इससे डरने की जरूरत नहीं हंै। वहीं, जिला संयुक्त चिकित्सालय संजयनगर के सीएमएस डॉ.संजय तेवतिया,डॉ. राजकुमार सिंह ने टीका लगवाया। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व कोरोना संक्रमण से जूझ रहा है, ऐसे में कोरोना वैक्सीन लगवाने से एक मजबूती मिलेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी कोविड-19 टीकाकरण के महा अभियान को आने वाले समय में गुणवत्तापरक रूप से एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित कर जन सामान्य को इस कार्यक्रम का लाभ पहुंचाएंगे।
















