भाजपा का फिर परचम, पांचों सीटों पर दर्ज की जीत, रिकॉर्ड 2.15 लाख मतों से जीते सुनील शर्मा

-अतुल गर्ग, डॉ. मंजू सिवाच, नंदकिशोर गुर्जर, अजित पाल की शानदार जीत
-विजेताओं को सौंपे गए प्रमाण पत्र, भाजपाइयों ने मनाया जश्न

गाजियाबाद। गाजियाबाद जिले की पांचों विधान सभा सीट पर एक बार फिर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। मौजूदा विधायकों को दोबारा जीत हांसिल हो गई है। उप्र की सबसे बड़ी साहिबाबाद सीट पर भाजपा भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा ने रिकॉर्ड 2.15 लाख वोट से जीत पाई है। इसके अलावा गाजियाबाद शहर सीट से राज्यमंत्री अतुल गर्ग, मोदीनगर सीट से डॉ. मंजू सिवाच, लोनी से नंदकिशोर गुर्जर एवं मुरादनगर सीट से अजित पाल त्यागी ने रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशियों की रिकॉर्ड मतों से जीत होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों तक ने मिलकर जश्न मनाया। जिले की सभी पांचों विधान सभा सीटों की गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी में गुरूवार की सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होने के बाद देर रात 9 बजे तक मतगणना संपन्न हो पाई।

काउंटिंग के चलते मंडी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पांचों विधान सभा सीटों (लोनी, गाजियाबाद, साहिबाबाद, मुरादनगर और मोदीनगर) पर शुरू से आखिर तक भाजपा के पांचों प्रत्याशी बढ़त बनाते चले गए। रात करीब 9 बजे तक मतगणना का कार्य जारी रहा। वहीं, मतगणना स्थल पर पुलिस अधिकारियों की भी तैनाती रहीं। काउंटिंग के लिए 12 हॉल बनाए गए थे। पेयजल की व्यवस्था के साथ ही मोबाइल टायलेट की व्यवस्था भी की गई। साहिबाबाद से भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा ने 2.15 लाख से अधिक मतों से जीत दर्ज कराई। प्रदेश की सबसे बड़ी सीट साहिबाबाद पर भाजपा प्रत्याशी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।

प्रत्याशियों ने रिकॉर्ड मतों से जीत कर लहराया परचम
मुरादनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी अजित पाल त्यागी 96,688 मतों से जीते। अजित पाल त्यागी को 168282 मत, सपा-रालोद के सुरेंद्र कुमार मुन्नी को 71594 मत मिले। लोनी सीट से भाजपा के नंदकिशोर गुर्जर 8885 मतों से जीते। नंदकिशोर गुर्जर को 106970 वोट मिले। रालोद के मदन भैय्या को 87,920 मत मिले। मोदीनगर सीट से भाजपा की डॉ. मंजू सिवाच 34,593 मतों से जीती। मंजूृ सिवाच को 1,12859 वोट मिले। रालोद के सुदेश शर्मा को 78266 वोट मिले। साहिबाबाद सीट से भाजपा के सुनील शर्मा 2.15 लाख वोटों से जीते।

सुनील शर्मा को 278823 मत मिले। सपा के अमरपाल शर्मा को 99682 वोट मिले। गाजियाबाद शहर सीट से भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग करीब 70 हजार वोटों से जीते। अतुल गर्ग को 1,25975 वोट मिले। सपा के विशाल वर्मा को 45642 वोट मिले। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के साथ ही जीते प्रत्याशियों को कक्ष में प्रमाण पत्र सौंपे गए।

मतगणना शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई। मतगणना स्थल पर भीड़ न करने की अपील की गई थी। जिले में धारा-144 लगी है। विजयी जुलूस पर प्रतिबंध होने के चलते जुलूस नहीं निकलने दिया गया। है। पांचों विधान सभा सीटों के लिए 52 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था। इनमें से 10 प्रत्याशियों को छोड़कर बाकी की जमानत जब्त हो गई।

जिले में गाजियाबाद शहर विधान सभा सीट से 14, साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र से 11, मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से 10, मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र से सात और लोनी विधानसभा क्षेत्र से 10 प्रत्याशी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपना भाग्य आजमाया था। बता दें कि गाजियाबाद की पाचों सीटों पर 52 प्रत्याशी थे। मतगणना पैरामिलिट्री फोर्स, पीएसी जवानों एवं पुलिस फोर्स की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किलेबंदी में कराई गई। मतगणना होने के बाद जिले की सभी पांच सीट पर 5 विधायक चुने गए।

समर्थकों ने दी जीत की बधाई
जिले की पांचों विधान सभा सीट पर एक बार फिर भाजपा प्रत्याशियों ने अपनी जीत का परचम लहराते हुए रिकार्ड तोड़ मतों से प्रतिद्वंद्वियों को हराया। भाजपा प्रत्याशी की जीत पर उनके समर्थकों ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी एवं शुभकामनाएं भेंट की। वहीं मेयर आशा शर्मा, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, पार्षद मनोज गोयल, विनोद कसाना, गौरव शर्मा, नीरज गोयल, राजेंद्र मित्तल मेंदी वाले, अनुज मित्तल, प्रदीप चौधरी, पप्पू पहलवान ने मिठाई खिलाकर बधाई दी।