मतगणना स्थल के भीतर और बाहर रहे कड़े सुरक्षा इंतजाम

गाजियाबाद। अनाज मंडी गोविंदपुर में गुरुवार को मतगणना प्रक्रिया सुचारू एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस ने दिनभर मुस्तैदी दिखाए रखी। जनपद गाजियाबाद की पांचों विधानसभा सीटों पर 8 बजे से मतगणना शुरू होने के बाद सुबह 10 बजे के आसपास रुझान आने शुरू हो गए थे। मगर पुलिस फोर्स और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों, पीएसी जवानों के बीच कोई भी व्यक्ति निर्धारित स्थल से आगे नहीं जा सका। जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों की कुल 192 चक्रों में मतगणना हुई। रात करीब 8 बजे तक चरणवार मतगणना होने के बाद परिणाम घोषित किए गए। जिले की सभी पांचों सीटों पर एक बार फिर भाजपा प्रत्याशियों ने भारी मतों के साथ जीत दर्ज कराते हुए विपक्षी दलों के दिग्गजों का सूपड़ा साफ कर दिया। जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों (लोनी, गाजियाबाद शहर, साहिबाबाद, मुरादनगर और मोदीनगर) पर दो कोण में ही मुकाबला रहा। मतगणना शुरू होने के साथ ही प्रत्याशियों के साथ समर्थकों के दिलों की धड़कनें भी बढ़ी हुई थी। हालांकि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा साहिबाबाद का परिणाम घोषित होने में अधिक समय लगा। मतगणना को लेकर हापुड़ रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस ने सिर्फ प्रत्याशी, कार्यकर्ता एवं मीडियाकर्मियों को ही अंदर जाने दिया।

जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं एसएसपी पवन कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखे जाने को लेकर खुद भी कमान संभाले रखीं। मतगणना में भारी अव्यवस्था देखी। पानी से लेकर खानपान की वस्तुओं के लिए लोगों को दिक्कत हुई। मतगणना की शुरूआत सबसे पहले पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती की गई। मतगणना सुबह 8 बजकर 30 मिनट से ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती शुरू की गई। अनाज मंडी में 12 हाल में मतगणना संपन्न हुई। 12 हाल में 84 टेबल पर ईवीएम में पड़े वोटों की और 10 टेबल पर पोस्टल बैलेट पेपर से पड़े वोटों की गिनती की गई। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा में पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती की ईवीएम के अंतिम दो चक्र की गिनती से पहले पूरी की गई।

इसके लिए लोनी विधानसभा में 40, मुरादनगर में 41, साहिबाबाद में 42, गाजियाबाद सदर में 39 और मोदीनगर में 30 चक्र में गिनती पूरी की गई। परिणाम दोपहर तक ही स्पष्ट होने लगे थे। मगर मतगणना का कार्य धीमी गति से होने के चलते दोपहर बाद तक का लोगों को इंतजार करना पड़ा। मतगणना स्थल को तीन कवच में बांटा गया है। इसमें आइसोलेशन, इनर व आउटर कार्डन शामिल थे। मतगणना के दौरान मंडी परिसर के भीतर व बाहर 2000 से अधिक पुलिस फोर्स के जवान मुस्तैद रहे। इनमें 1500 पुलिसकर्मी और 500 से अधिक अर्धसैनिक बल के जवान शामिल थे।

मतगणना स्थल के भीतर व आसपास किसी को भी पार्किंग व वाहन लाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके अलावा प्रत्याशियों के एजेंट, मतगणनाकर्मियों व अन्य के लिए पुलिस लाइन में पार्किंग की व्यवस्था की गई। सभी पुलिस लाइन में ही वाहन को पार्क कर मतगणना स्थल तक पैदल आए। सुरक्षाकर्मी हुड़दंग मचाने और माहौल खराब करने वालों से सख्ती से पेश जरूर आए। मगर भाजपा कार्यकर्ताओं को रोक नहीं पाए। मतगणना स्थल में सघन चेकिंग के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया गया। बिना पास के किसी को भी भीतर जाने नहीं दिया गया। वहीं, मतगणना स्थल के भीतर व आसपास किसी को भी पार्किंग व वाहन लाने की अनुमति नहीं होगी।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि मतगणना शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हो गई। जिले की पांचों विधानसभा सीटों के नतीजे 192 चक्र की मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम जारी किए गए। मतगणना स्थल पर पार्टी के कार्यकर्ताओं के आने और नतीजों के बाद विजयी प्रत्याशी द्वारा किसी प्रकार के विजय जुलूस निकालने पर प्रतिबंध था। मगर भाजपा प्रत्याशियों की जीत के बाद खूब जश्न मनाया गया। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं एसएसपी पवन कुमार ने कहा कि सभी अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस फोर्स टीमों के जरिए मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतगणना निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई। मतगणना टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक, एक माइक्रो आब्जर्वर व ईवीएम को लाने के लिए चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी को लगाया गया था।

अनाज मंडी के गेट नंबर एक के एक द्वार से मतगणना अभिकतार्ओं को प्रवेश दिया गया। जबकि दूसरे द्वार से अधिकारियों, मतगणना कार्मिकों को प्रवेश दिया गया। मोबाइल फोन पूर्णतया प्रतिबंधित रहा। अनाज मंडी के गेट नंबर एक पर किसी के द्वारा मोबाइल लाए जाने पर रखरखाव की व्यवस्था की गई। मतगणना स्थल पर मीडिया सेंटर और कम्यूनिकेशन सेंटर बनाए गए हैं।मीडियाकर्मियों को मतगणना स्थल पर मोबाइल लेकर जाने की अनुमति रही। जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर 52 प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा खुलने के बाद 5 विधायक चुने गए। जबकि ज्यादातर प्रत्या
िशयों की जमानत जब्त हो गई। इस बार विधान सभा चुनाव में पांचों सीट पर कुल 52 प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई हैं। भाजपा के अलावा सपा-रालोद गठबंधन, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) के अलावा कई निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। पांचों विधान सभा क्षेत्र में रोचक मुकाबला देखने को मिला था। जिले में पांचों विधान सभा क्षेत्र में कुल 27 लाख 93 हजार 865 मतदाता हैं। साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र में सर्वाधिक 10 लाख 20 हजार 385 मतदाता हैं। इसी प्रकार लोनी में 5 लाख 12 हजार 752, मुरादनगर में 4 लाख 56 हजार 745, गाजियाबाद में 4 लाख 72 हजार 771 और मोदीनगर विधान सभा क्षेत्र में 3 लाख 31 हजार 211 मतदाता पंजीकृत हैं। विगत 10 फरवरी को संपन्न चुनाव में जिले में कुल 54.92 प्रतिशत वोट डाले गए थे। लोनी में 61.87 प्रतिशत, मुरादनगर में 59.70 प्रतिशत, गाजियाबाद सदर में 51.77 प्रतिशत, साहिबाबाद में 47.22 प्रतिशत और मोदीनगर में 66.50 प्रतिशत वोट पड़े थे। इसके अलावा धौलाना (आंशिक) में 63.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।