साहिबाबाद से भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा और मोदीनगर से डॉ. मंजू सिवाच आगे

यूपी में पोस्टल बैलट की गणना में भाजपा ने सपा को पीछे छोड़ा

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के लिए मतगणना शुरू हो गई है। सभी 75 जिलों में 403 सीटों पर मतों की गिनती चल रही है। 84 केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। पोस्टल बैलट की गणना में भाजपा ने सपा को पीछे छोड़ दिया है। कांग्रेस, बसपा और आम आदमी पार्टी (आप) दूर-दूर तक फाइट में नजर नहीं आ रही हैं। पोस्टल बैलट की गणना में भाजपा को 155 और सपा को 97 सीटों पर बढ़त मिलने की खबर है। उधर, गाजियाबाद जिले में पहले राउंड के बाद साहिबाबाद से भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा और मोदीनगर से डॉ. मंजू सिवाच आगे चल रही हैं।

पहले राउंड में डॉ. सिवाच ने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी सुदेश शर्मा पर 300 वोट की बढ़त बनाई है। डॉ. सिवाच को 3941 और सुदेश शर्मा को 3679 मत मिले हैं। उप्र में विधान सभा की कुल 403 सीटें हैं। जिन पर 7 चरण में चुनाव संपन्न कराया गया था। 10 फरवरी से 7 मार्च तक चुनाव प्रक्रिया चली थी। शुक्रवार को सुबह 8 बजे से मतगणना आरंभ हो गई है। सभी 75 जिलों में 84 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। जहां कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती हो रही है। पोस्टल बैलट की गिनती में भाजपा ने सपा पर बढ़त बनाई है।

भाजपा को 155 और सपा को 97 सीटों पर बढ़त मिली है। इसके अलावा बसपा को 6 और कांग्रेस महज 4 सीट पर आगे नजर आ रही है। गोरखपुर सदर सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगे चल रहे हैं। सपा सुप्रीमो एवं उम्मीदवार अखिलेश यादव, स्वामी प्रसाद मौर्य भी आगे चल रहे हैं। सपा के सहयोगी ओमप्रकाश राजभर पीछे हैं। जबकि रामपुर से सपा उम्मीदवार आजम खां आगे चल रहे हैं।

यूपी विधान सभा चुनाव में कुल 4442 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 560 महिलाएं हैं। शुक्रवार को सबसे पहले पोस्टल बैलट व सर्विस मतों की गणना कराई गई है। इसके बाद ईवीएम की गिनती शुरू हुई है। 2017 के विधान सभा चुनाव में 403 सीट में से भाजपा को 312, सपा को 47, बसपा को 19, अपना दल (एस) को 9, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को 4, निर्दलीय को 3 तथा निषाद पार्टी व राष्ट्रीय लोकदल को एक-एक सीट मिली थी।