मुरादनगर में अजीत पाल त्यागी पीछे, लोनी में नंदकिशोर गुर्जर आगे

गाजियाबाद। गाजियाबाद जनपद में विधान सभा की सभी 5 सीट पर मतगणना प्रक्रिया जारी है। अब तक की गणना में लोनी, साहिबाबाद और मोदीनगर सीट पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। मुरादनगर सीट पर सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी आगे हैं। मुरादनगर में भाजपा प्रत्याशी को सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी ने पीछे छोड़ रखा है। पहले और दूसरे राउंड के यह अभी प्रारंभिक आंकड़े हैं। चक्रवार मतगणना के साथ आंकड़ों में बदलाव आ रहा है। गाजियाबाद जिले में पहले राउंड के बाद साहिबाबाद से भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा, मोदीनगर से डॉ. मंजू सिवाच और लोनी से नंदकिशोर गुर्जर आगे चल रही हैं। पहले राउंड में डॉ. सिवाच ने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी सुदेश शर्मा पर 300 वोट की बढ़त बनाई है। डॉ. सिवाच को 3941 और सुदेश शर्मा को 3679 मत मिले हैं। लोनी सीट पर भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर ने सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया को पीछे छोड़ रखा है। पहले राउंड में नंदकिशोर गुर्जर को 4644 और मदन भैया को 2230 वोट मिले हैं। नंदकिशोर ने मदन भैया पर जबकि बसपा के आकिल को 1163 मत मिले हैं। उधर, मुरादनगर सीट पर भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी को सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार मुन्नी ने पीछे छोड़ रखा है। मुरादनगर सीट पर दूसरे राउंड के बाद मुन्नी ने अजीत पाल पर 2 हजार वोट से बढ़त बना रखी हैं।उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के लिए मतगणना शुरू हो गई है। सभी 75 जिलों में 403 सीटों पर मतों की गिनती चल रही है। 84 केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। पोस्टल बैलट की गणना में भाजपा ने सपा को पीछे छोड़ दिया है। कांग्रेस, बसपा और आम आदमी पार्टी (आप) दूर-दूर तक फाइट में नजर नहीं आ रही हैं। पोस्टल बैलट की गणना में भाजपा को 155 और सपा को 97 सीटों पर बढ़त मिलने की खबर है। सभी 75 जिलों में 84 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।जहां कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती हो रही है। पोस्टल बैलट की गिनती में भाजपा ने सपा पर बढ़त बनाई है। भाजपा को 155 और सपा को 97 सीटों पर बढ़त मिली है। इसके अलावा बसपा को 6 और कांग्रेस महज 4 सीट पर आगे नजर आ रही है। गोरखपुर सदर सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगे चल रहे हैं। सपा सुप्रीमो एवं उम्मीदवार अखिलेश यादव, स्वामी प्रसाद मौर्य भी आगे चल रहे हैं।