भाजपा पार्षद और व्यापारियों ने निकाला मौन जुलूस, किराया बढ़ोतरी का विरोध,

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में किराए पर दी गई दुकानों का किराया 10 गुना बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव के विरोध में सोमवार को भाजपा पार्षद राजीव शर्मा समेत व्यापारियों ने मौन जुलूस निकाला। घंटाघर स्थित शहीद भगत सिंह की मूर्ति के सामने एकत्र हुए भाजपा पार्षद राजीव शर्मा एवं उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष गोपीचंद, महामंत्री अशोक चावला आदि के नेतृत्व में व्यापारियों ने मौन जुलूस निकाला। गौरतलब हो कि नगर निगम की बोर्ड बैठक में दुकानों का किराया बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव पर चर्चा करने के बाद इसे अप्रैल तक पेंडिंग कर दिया गया था। बावजूद इसके भाजपा पार्षद समेत व्यापारियों ने दुकानों का किराया बढ़ाने के प्रस्ताव के विरोध में मौन जुलूस निकालकर नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान रमते राम रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश स्वामी, अजय बंसल, राकेश बवेजा, जुगल किशोर, जोगेंद्र मिश्रा, विजय कक्कड़, राजेश लोहिया, तरुण बुद्धि राजा, सोनू पाल, मोहित,विजय कुमार, राकेश रहेजा, प्रेम अरोड़ा, समीर ढींगरा सुमित धींगरा, विजय आदि बड़ी संख्या में व्यापारियों ने रमतेराम रोड चौक (लेबर चौक) से मौन जुलूस निकालते हुए सब्जी मंडी, गोल मार्केट, घंटाघर मार्किट से होते हुए जवाहर गेट (शहीद भगत सिंह चौक) पर समाप्त हुआ। महानगर अध्यक्ष गोपीचंद एवं पार्षद राजीव शर्मा ने कहा कि नगर निगम द्वारा दुकानों का किराया बढ़ोतरी का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। महानगर महामंत्री अशोक चावला ने कहा कि प्रदेश में किसी भी नगर निगम द्वारा दुकानों का 11 गुना किराए का प्रस्ताव नहीं लाया गया। ऐसे प्रस्ताव को लाकर नगर निगम के अधिकारी सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।