जिले में टूटा कोराना का रिकार्ड, 532 कोरोना संक्रमित

गाजियाबाद। जिले में कोरोना संक्रमण दर में अब तेजी से वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटे में गाजियाबाद में रिकार्ड तोड़ 532 संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। इससे पहले सबसे अधिक केस सितंबर 2020 को 337 मिले थे। 15 अप्रैल 2020 को जिले में केवल एक नया केस सामने आया था। इस महीने में संक्रमण दर तीन फीसद के करीब पहुंच गई है। अप्रैल महीने में अब तक 2072 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। 15 दिन के भीतर ही संक्रमण दर 0.69 से सीधे 2.80 फीसद पर पहुंच गई है। राजनगर एक्सटेंशन की अजनारा इंटीग्रीटी सोसायटी में 33 केस मिलने के बाद गुरूवार को स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन में हड़कंप मच गया। अपार्टमेंट आनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज त्यागी ने डीएम और सीएमओ को पत्र भेजकर सोसायटी को सील करने का अनुरोध किया। सूचना के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और दोपहर को सोसायटी को सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार द्वारा सील कर दिया गया। सोसायटी के दो टावरों में पांच-पांच लोग संक्रमित पाए गए हैं। सोसायटी को कंटेनमेंट जोन बनाते हुए सर्विलांस का कार्य तेज कर दिया गया है। जिला एमएमजी अस्पताल में संचालित आरटी-पीसीआर लैब के पांच लैब टेक्नीशियन संक्रमित हो गए हैं। इसके चलते जांच का कार्य प्रभावित हो गया है। सभी का होमआइसोलेशन में उपचार किया जा रहा है। लैब को संभाल रहीं विज्ञानी सुरभि एवं निधि का सैंपल भी जांच के लिए लगा दिया गया है।