कोरोना की दुसरी लहर में सफाई के सिपाही लड़ रहे कोरोना से सीधी जंग

-शहर में फागिंग, सैनिटाइजेशन कार्य का निगम अधिकारी ले रहेें जायजा

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण की दुसरी लहर में शहर को बचाने के लिए नगर निगम के कोरोना योद्धा एक बार फिर से मैदान में उतरकर शहर को महामारी से बचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। नगर आयुक्त महेंन्द्र सिंह के नेतृत्व में नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी कोरोना वारियर्स बनकर शहर वासियों को संक्रमण से बचाने के लिए जंग लड़ रहे हैं। गुरूवार को नगर निगम के अधिकारी शहर में फागिंग, सैनिटाइजेशन के कार्य के साथ-साथ अस्पतालों व श्मशान घाटों पर भी व्यवस्था सुधारने में लगे है। कोविड-19 महामारी के बचाव हेतु पूरे शहर में सैनिटाइजेशन का कार्य नगर निगम द्वारा किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत पांचों जोनों में टीम द्वारा सैनिटाइजेशन छोटे व बड़े वाहनों की सहायता से किया जा रहा है। पार्षदों से समन्वय स्थापित कर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश द्वारा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर फॉगिंग, सैनिटाइजेशन व साफ-सफाई का कार्य प्रत्येक वार्ड में कराया जा रहा है। जिसके क्रम में नेहरू नगर, राजनगर एक्सटेंशन, लोहिया नगर, तुराब नगर, शास्त्री नगर चौराहा, रजापुर, चिरंजीव विहार, राजनगर सेक्टर-10, शालीमार गार्डन, अर्थला यहित अन्य कई स्थानों पर सैनिटाइजेशन कराया गया है। नगरायुक्त के नेतृत्व में शहर के अस्पतालों में अधिकारियों द्वारा सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए जायजा किया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार द्वारा टीम सहित श्मशान घाटों का निरीक्षण किया गया ताकि कोविड-19 के चलते किसी भी प्रकार की असुविधा श्मशान घाटों पर न हो, जिससे कोविड-19 महामारी से बचा जा सके। इसके क्रम में हिंडन श्मशान घाट, महरौली शमशान घाट, इंदिरापुरम शमशान घाट व अन्य मोक्ष स्थलों का जायजा लिया जा रहा है। हिंडन घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह का भी जायजा लिया गया। महामारी कोविड-19 के बचाव हेतु नगरायुक्त तथा महापौर आशा शर्मा द्वारा जनता से सावधानी बरतने के लिए अपील की जा रही है। मास्क का प्रयोग, समय-समय पर हाथ को साबुन से धोना, सैनिटाइजेशन का प्रयोग करना, तथा वैक्सीन लगवाने के लिए भी अपील की जा रही है ताकि कोविड-19 से बचा जा सके। यदि किसी क्षेत्र में सैनिटाइजेशन की आवश्यकता महसूस होती है तो तत्काल गाजियाबाद नगर निगम के जोनल कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ साथ पार्षदों का भी विशेष सहयोग गाजियाबाद नगर निगम टीम को मिल रहा है।