स्कूल-ऑफिस के अवैध बाउंड्रीवाल पर चला जीडीए का बुलडोजर

– मोदीनगर में हुई कार्रवाई से मचा हड़कंप

गाजियाबाद। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के आदेश पर बिना नक्शा स्वीकृत एवं अवैध निर्माण के खिलाफ जीडीए ने मुहिम छेड़ी हुई है। बिना नक्शा स्वीकृत कराएं अवैध रूप से खेतों में कॉलोनी काटकर प्लॉटिंग की बाउंड्रीवाल, साईट ऑफिस एवं अवैध रूप से किए जा रहे स्कूल के निर्माण पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के प्रवर्तन दस्ते की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। साथ ही चेतावनी दी की अगर दोबारा अवैध निर्माण या फिर कॉलोनी की प्लॉटिंग की तो ध्वस्तीकरण के साथ एफआईआर की भी कार्रवाई की जाएगी। जीडीए की इस कार्रवाई से हंड़कप मचा हुआ है।
गुरूवार को जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के आदेश पर जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के सहायक अभियंता राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता योगेंद्र कुमार, योगेंंद्र कुमार वर्मा, महेंद्र कुमार, चंद्र प्रकाश शर्मा, रामरूप सिंह चौहान, जीडीए पुलिस और मोदीनगर थाना पुलिस की मौजूदगी में करीब 18 हजार वर्गमीटर में अवैध कॉलोनी, स्कूल और प्लॉटों की बाउंड्रीवाल पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के सहायक अभियंता आरके सिंह ने बताया कि मोदीनगर और मुरादनगर क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। मोदीनगर के कादराबाद के खसरा नंबर-361/1 में करीब 5 हजार वर्गमीटर जमीन पर अवैध रूप से यासीन पुत्र बसीर द्वारा की गई प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। इसके अलावा अरविंद मित्तल पुत्र नगीन चंद मित्तल आदि ने खसरा नंबर-609 कादराबाद मोदीनगर में करीब 9600 वर्गमीटर जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग और मौके पर साईट ऑफिस बनाने पर उसे ध्वस्त किया गया। इसके अलावा राजेंद्र पुत्र रघुवीर द्वारा खसरा नंबर-645 गांव गदाना हापुड़ रोड मोदीनगर में करीब 12 हजार वर्गमीटर जमीन में से लगभग 3500 वर्गमीटर जमीन पर अवैध रूप से प्लॉट काटे जाने के चलते प्लॉट की बाउंड्रीवाल एवं सड़क, खडंजा आदि को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा ललित कुमार त्यागी पुत्र निरंकार त्यागी द्वारा असालतनगर से जलालपुर गांव को जाने वाली सड़क के किनारे करीब 500 वर्गमीटर जमीन पर अवैध रूप से बगैर नक्शा स्वीकृत कराए ही स्कूल का निर्माण किए जाने के चलते यहां पर कई कमरों, बाउंड्रीवाल आदि को ध्वस्त किया गया। असालतनगर से जलालपुर गांव की रोड मुरादनगर में कई जगह अवैध रूप से काटे जा रहे प्लॉट आदि निर्माण कार्य को मौके पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।