गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर हित में निरंतर बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अब वसुंधरा जोन में कई साल पुरानी समस्या का निदान कराया गया है। मामला वैशाली कॉलोनी से जुड़ा है। वहां कई साल से विद्युत विभाग की लाइन के कारण मार्ग पर आवागमन अवरूद्ध हो रखा था। नगर निगम ने नागरिकों को इस समस्या को गंभीरता से लेकर विद्युत लाइन को 4 फुट गहरा दबाकर आवागमन की सुविधा को अवरोधजनक और बेहतर कर दिया है। वसुंधरा जोन की जोनल प्रभारी जोनल सरिता सिंह के मुताबिक महापौर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के आदेश के क्रम में शहर के अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शहर हित में निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम को आगे बढ़ाकर वसुंधरा जोन के वैशाली सेक्टर-4 में कार्यवाही की गई है। मेट्रो स्टेशन के पीछे औरनेट होटल के पास एक मार्ग कई वर्षों से बंद था, जिसमें विद्युत विभाग की लाइन बाहर की तरफ से गई हुई थी। जिस कारण मार्ग पूर्ण रूप से अवरुद्ध हो चुका था। मौके पर टीम सहित पहुंच कर कार्यवाही कराई गई। लाइन को 4 फुट गहरा दबाया गया। साथ ही वहां पर जेसीबी द्वारा सफाई कराई गई और रास्ते को अन्य रास्तों से कनेक्ट किया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। 
उन्होंने बताया कि नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने निर्माण विभाग को उक्त रास्ते की मरम्मत करने के लिए तथा प्रकाश विभाग को प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ उद्यान विभाग को अनचाहे पेड़ों की छंटाई व सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए हैं। मौके पर वसुंधरा जोन टीम के अलावा प्रकाश विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग की टीम मौजूद रही। उक्त स्थान पर विद्युत विभाग की टीम द्वारा कार्यवाही की गई। दरअसल 500 मीटर क्षेत्र पर विद्युत की लाइन ऊपरी भाग में फैली हुई थी, जिसे अंडरग्राउंड कराया गया। विद्युत विभाग के अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे।















