गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन की आहट शुरू होते ही कालाबाजारी करने वाले एक बार फिर से सक्रिय हो गये है। यहां तक कि दुकानदारों ने इसकी जमाखोरी करनी भी शुरू कर दी है ताकि आने वाले समय में अगर लॉकडाउन लगे तो सप्लाई बंद होने के बाद भी उनकी दुकानें चलती रहें। सबसे अधिक कालाबाजारी तंबाकू उत्पादों पर शुरू हुई है। पान-मसाला, बीड़ी-सिगरेट के उत्पादों पर एकदम से दो से पांच रुपए की बढ़ोत्तरी कर दी गई है तो वहीं लोगों ने भी अभी से इनकी खरीददारी शुरू कर दी है। एकदम से तंबाकू उत्पादों की डिमांड बढ़ गई है। हालांकि, यूपी सरकार लगातार लॉकडाउन से इंकार कर रही है लेकिन पूरे प्रदेश में साप्ताहिक लॉकडाउन और नाइट कफ्र्यू जारी है। वहीं कल हाइकोर्ट ने पांच जिलों में 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में लोग लॉकडाउन के डर से पहले ही अपने पास स्टॉक जमा करने में जुट गए हैं जिसकी वजह से दुकानदारों ने भी तंबाकू उत्पादों के दामों में एकदम से इजाफा कर दिया है। अगर यही स्थिति रही तो तंबाकू उत्पादों की लैक मार्केटिंग शुरू हो जाएगी।
















