मतदाता सूची में नाम बढ़ाने के लिए 30 नवंबर तक चलेगा अभियान

-मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर नही होगी बर्दाश्त : जिलाधिकारी

गाजियाबाद। विधानसभा-2022 चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संशोधित मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इसके लिए एक नवंबर से जहां नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे। वहीं दिवंगतों के नाम हटाने के साथ संशोधन आदि का काम पूरा किया जाएगा। पूरे माह चलने वाले इस मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में चार विशेष दिवसों का भी आयोजन होगा। इसमें जिम्मेदार अधिकारियों के पर्यवेक्षण में आवेदन लिए जाएंगे। इसके तहत जिले में 1 नवंबर से 30 नवंबर तक मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा।

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अधिकारी, एमसीएमसी कमेटी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि के साथ बैठक करते हुए कहा कि मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनाव-2022 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए यह कार्यक्रम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक जनवरी-2021 को जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष और इससे अधिक है। वह, मतदाता सूची में अपने नाम दर्ज करा सकते हैं। सूची में नए मतदाताओं का नाम जोडऩे, पहचान पत्र में सुधार, निधन होने पर नाम हटाने आदि कार्य किया जाएगा। मतदान केंद्र के बीएलओ, सहायक आरओ, एआरओ एवं एड्रेस एसवीपी पोर्टल पर आनलाइन आवेदन कर सकते है। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6 के लिए आवेदन दे सकते हैं। इसके लिए रंगीन फोटो, आयु प्रमाण पत्र, पता आदि कागज देने होंगे। मृतक एवं स्थान परिवर्तन के लिए फार्म-7 भरना होगा। जबकि सूची में दर्ज नाम में त्रुटि होने पर फार्म-8 भरकर देना होगा।

जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देश का अक्षरश: अध्ययन कर लें। प्रशिक्षण में बताए जाने वाले बिंदुओं, तथ्यों आदि जानकारी कार्मिक कर लें। जिलाधिकारी ने सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने कार्यालय में सभी कार्मिकों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए दोनों डोज लगवाना सुनिश्चित करें। इसका एक प्रमाण पत्र भी लिया जाएगा। बीएलए एवं बीएलओ की उपस्थिति में प्रत्येक बूथ पर ईवीएम ले जाकर प्रशिक्षित करते हुए मॉक पोल एवं मतदान के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप द्विवेदी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बृजभूषण चौधरी को निर्देशित किया कि वह शत-प्रतिशत मतदान एवं मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए स्वीप कमेटी को सक्रिय करें। शिक्षक एवं शिक्षिकाओंं को स्वीप कमेटी में शामिल करते हुए कार्ययोजना तैयार करें। इसमें किसी भी स्तर पर संवादहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी अधिकारी अपना मोबाइल बंद नहीं रखेंगे। दीपावली के बाद प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। चुनाव के मद्देनजर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क एवं गंभीर रहने के निर्देश दिए। फार्म-6, 7 एवं 8 पर मुख्य फोकस किया जाए।

जिलाधिकारी ने बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आहवान किया कि विधानसभा क्षेत्रवार जिले में मतदेय स्थलों के आधार पर अपने-अपने बीएलए नियुक्त करके उनकी सूची संबंधित एसडीएम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व जिला निर्वाचन कार्यालय को जल्द उपलब्ध करा दें। राजनीतिक दल के प्रतिनिधि सभी बीएलए को निर्देशित करते हुए पुनरीक्षिक के दौरान मतदाता सूची में गलती आदि को चिन्हित कर बीएलओ का सहयोग करें। मतदाता सूची में युवा महिला मतदाताओं को अधिक से अधिक नाम जोडऩे का प्रयास किए जाएं। मतदाता सूची का जेंडर रेश्यों, नए एजकोहार्ट का मानक प्राप्त किया जा सके। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास ने डीएम को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का अनुपालन कराया जाएगा। जिले में सभी बूथों की साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, रोड आदि को दुरूस्त कराया जाए। इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हरिकृष्ण शर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।