-युद्ध स्तर पर शुरू हुआ सैनिटाइजेशन एवं फॉगिंग
नोएडा। कोरोना संक्रमण काल में सैनिटाइजेशन को लेकर शुरू हुआ अभियान एक बार युद्ध स्तर पर शुरू हो चुका है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सेक्टरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से सैनिटाइजेशन एवं फॉगिंग कर रहा है। वहीं, प्राधिकरण शहर व गांवों में नियमित रूप से सैनिटाइजेशन भी कर रहा है। फॉगिग एवं दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है।
नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी ने शहर में जारी सैनेटाइजेशन कार्य की गुरुवार को समीक्षा की। सीईओ ने सेक्टर-33, 34, 61 व 71 का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने इस काम में लगे पानी के टैंकरों की संख्या बढ़ाकर 20 तक करने के निर्देश दिए।
उधर, 10 वाटर प्रेशर टैंकर, 50 होंडा स्प्रे मशीन व 70 मोटराईज्ड मशीन के जरिए शहर में सैनेटाइजेशन का काम किया गया। बता दें कि शहर में कोविड-19 (कोरोना वायरस) से निपटने के लिए नोएडा प्राधिकरण निरंतर प्रयासरत है। वह जिला प्रशासन को जरूरी संसाधन और मैन पावर उपलब्ध करा रहा है। इससे कोरोना के खिलाफ लड़ाई में काफी मदद मिल रही है।
सीईओ रितु माहेश्वरी ने कोरोना से बचाव के लिए नियमों का पालन करने की अपील जनता से की। उन्होंने कहा कि जनपद में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि लोग अपनी और अपनों की जान की रक्षा के लिए अनिवार्य रूप से कोरोना के नियमों का पालन करें। कहा कि कोरोना से बचने के लिए टीकाकरण कराना बेहद जरूरी है।















