गाजियाबाद में इन रूटों पर चलेगी इलेक्ट्रिक बस, नए साल से सड़कों पर उतरेंगी 20 बसें, नगर आयुक्त ने दी जानकारी

नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा, आवश्यक तैयारियां जोरों पर

गाजियाबाद। शहर में नए साल पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। नए साल से 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। स्पेशल पर्पज व्हीकल के निदेशक एवं नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि शहरवासियों को अब नए साल में इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिल सकेगी। पहले चरण में 20 बसों को 4 रूट पर शुरू किया जाएगा। 2 जनवरी से बसों को सड़कों पर उतारने की तैयारी है। नगर निगम द्वारा 6500 वर्गमीटर जमीन अकबरपुर-बहरामपुर में इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशन और डिपो बनाने के लिए दी गई है।

जल निगम की सीएंडडीएस शाखा द्वारा चार्जिंग स्टेशन और डिपो का निर्माण कार्य पूरा कर लिया हैं। नगर आयुक्त का कहना है कि नए साल में बसें मिलने के बाद इनका संचालन शुरू कराया जाएगा। वहीं, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के क्षेत्रीय प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशन और डिपो का कार्य पूरा हो चुका हैं। इलेक्ट्रिक बसें नहीं आई हैं।पहले चरण में चार रूटों पर इन बसों का संचालन किया जाएगा। इसके बाद में बसों की संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। बसों का किराया न्यूनतम 10 रुपए से लेकर 40 रुपए तक निर्धारित किया गया है।

इन इलेक्ट्रिक बसों का चार रूटों पर संचालन होगा। इनमें आनंद विहार से एएलटी:आनंद विहार से मोहननगर,नया बस अड्डा होते हुए एएलटी सेक्टर-23 संजयनगर तक इलेक्ट्रिक बस जाएंगी। इसकी 20 किलोमीटर की दूरी का सफर एक घंटे में पूरा होगा। इस रूट पर भी 10 बस स्टापेज होंगे। दिलशाद गार्डन से शहीद नगर, मोहननगर, नया बस अड्डा, पुराना बस अड्डा, हापुड़ चुंगी होकर इलेक्ट्रिक बस गोविंदपुरम तक जाएगी। 20 किलोमीटर की दूरी सवा घंटे में पूरी होगी, इस रूट पर यात्रियों की सहूलियत के लिए 10 बस स्टापेज होंगे।

टीला मोड़ से चलकर भौपुरा तिराहा, सिविल एयरपोर्ट टर्मिनल, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, करहेड़ा, अर्थला मेट्रो स्टेशन होते हुए नया बस अड्डा तक इलेक्ट्रिक बस चलेगी। 15 किलोमीटर की दूरी के इस रूट पर 15 बस स्टापेज होंगे। आनंद विहार से चलकर डाबर चौराहा, वैशाली, मेरठ रोड तिराहे से होकर मुरादनगर तक इलेक्ट्रिक बस चलेगी। यह करीब 33 किलोमीटर लंबे इस रूट पर सफर पूरा करने में दो घंटे लगेंगे। इस रूट पर बसों के लिए 10 बस स्टापेज होंगे।