-जन संदेश यात्रा में उमड़ती भीड़ में भाजपाईयों ने की पुष्प वर्षा
गाजियाबाद। मेरठ से चलकर मुरादनगर स्थित हंस इंटर कॉलेज में पहुंची भाजपा की जन विश्वास यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। जन विश्वास यात्रा में कॉलेज मैदान में पहुंचे उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में अभी तक विकास किया। दूसरे दलों ने अपनी चिट् तिजोरियों को भरने का काम किया है। भाजपा ने गुंडों और माफियाओं द्वारा कब्जाई जमीन को छीनकर गरीब लोगों के मकान बनवाएं हैं। उप मुख्यमंत्री ने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों में शिक्षा के भी माफिया हुआ करते थे। किसी की जगह कोई दूसरा परीक्षा देता था, लेकिन आज सब कुछ बंद हो गया है।
अब परीक्षा से लेकर भर्तियों में भी पारदर्शिता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के नाम पर वोट तो पाया लेकिन विकास नहीं किया यह सपना भाजपा ने साकार करके दिखाया है। मुरादनगर में मेरठ से होकर जन विश्वास यात्रा का कई जगह पर भाजपाईयों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान मोदीनगर तक पहुंचे। वहीं, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के साथ भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, महापौर आशा शर्मा, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, विधायक अजितपाल त्यागी, भाजपा के वरिष्ठ नेता चौधरी ब्रजपाल तेवतिया, मुरादनगर पालिका के चेयरमैन विकास तेवतिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा समेत भारी संख्या में भाजपाईयों ने उनका स्वागत किया।
काशी हमारी आस्था, बम बम के उद्घोष गूंज रहा काशी
जन संदेश यात्रा में उमड़ती भीड़ को देखकर डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि इस बार चुनाव में पिछली बार का भी रिकॉर्ड टूटने वाला है। देश व प्रदेश में आज मोदी और योगी की सरकार है। अब भक्तों पर पत्थर नहीं हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जाएंगे। हम कहते थे काशी हमारी आस्था है लेकिन कोई पार्टी का नेता वहां नहीं जाता था। आज काशी बम बम बोल रहा है। पिछली सरकारों में बम बम बोलने पर सांप्रदायिक हो जाते थे और कारसेवकों पर गोली चलवाकर धर्म निरपेक्ष हो जाते थे। अब सभी को समझ आ गया है कि यहां राम नाम का जाप करना पड़ेगा। वरना हालत खराब हो जाएंगे। अब लोग हनुमान चालीसा का पाठ सीखने लगे हैं।
उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 4.6 साल में वेस्ट यूपी की दिशा-दशा ही बदल दी है। गाजियाबाद की पहचान पहले जाम के रूप में होती थी, लेकिन अब विकास के रूप में होती है। योगी आदित्यनाथ की सरकार की पहचान विकास ,एक्सप्रेस-वे के रूप में हुआ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाकर ऐतिहासिक कार्य किया है। मोदी व योगी के कार्यकाल में ही राम मंदिर का निर्माण हो रहा हैं। योगी-मोदी ने वेस्ट यूपी की दशा-दिशा ही बदल दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री व किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह के सपने को भाजपा पूरा कर रही हैं। रैली को केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, महापौर आशा शर्मा, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल ने भी संबोधित किया।यहां के बाद जन विश्वास यात्रा लोनी में पहुंची। यहां पर उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने उमड़ी भीड़ को संबोधित किया।
उखलारसी श्मशान घाट हादसे से पीडि़त महिलाओ ने सौंपा ज्ञापन
डिप्टी सीएम को मुरादनगर के उखलारसी श्मशान घाट हादसे से पीडि़त महिलाओं ने मुरादनगर स्थित हंस इंटर कॉलेज परिसर ज्ञापन भी सौंपा। पीडि़तों ने अपनी मांग पूरी करने की बात को लेकर ज्ञापन देने वाली महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग जल्द पूरी नहीं की गई तो वे सख्त कदम उठाने को मजबूर हो जाएंगी। बीते 3 जनवरी को हुए श्मशान घाट हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई। सरकार ने मुआवजा राशि के साथ साथ सरकारी नौकरी व मकान सहित अन्य सुविधा देने की घोषणा की थी। मुआवजा तो मिल गया, लेकिन अन्य घोषणाओं पर अभी तक अमल नहीं हुआ है। पीडि़त परिवार अपनी मांग पूरी कराने के लिए नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर में 27 दिन से धरना दे रहे हैं और 10 दिन से आमरण अनशन पर महिलाएं बैठी हैं। शनिवार को हंस इंटर कॉलेज परिसर में रैली को संबोधित करने आए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से पीडि़त परिवारों का एक प्रतिनिधिमंडल मिला और मांगों को लेकर ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों मे निधि सोनी व पुष्पलता थीं। उप मुख्यमंत्री ने महिलाओं को मांग पूरी हाने का आश्वासन दिया।
















