जून के तीसरे सप्ताह में शुरू होगा चाइल्ड डेडिकेटिड अस्पताल

-डीएम ने व्यवस्थाओं को दुरूस्त रखने के लिए मेडिकल टीम का किया गठन

गाजियाबाद। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बच्चों को सुरक्षित रखने एवं समय से उपचार करने के लिए जिला प्रशासन ने राम सरन गर्ग इंडो-जर्मन अस्पताल को चाईल्ड डेडिकेटिड अस्पताल बनाने की अपनी तैयारियां शुरू कर दी हंै। एन.एच.-24 स्थित राम सरन गर्ग इंडो-जर्मन अस्पताल जनपद का पहला चाईल्ड डेडिकेटिड अस्पताल बनने जा रहा है। इस अस्पताल में बच्चों के उपचार के लिए 60 बैड्स, 1-वैंटिलेटर तथा आईसीयू वार्ड जैसी सभी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। जल्द यहां आक्सीजन प्लांट भी बनाया जाएगा। यह अस्पताल जनपद का पहला बच्चों के लिए समर्पित अस्पताल होगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने इस अस्पताल को अधिग्रहण करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने अस्पताल में बच्चों के उपचार के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से सुनिश्चित कराने, अस्पताल में एनीथीसिया के डॉक्टर उपलब्ध कराने, प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ तैनात करने तथा अस्पताल में मुख्य रूप से बच्चों में सामान्य रूप से इस्तेमाल होने वाली सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने इत्यादि समस्त व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने के लिए मेडिकल टीम का गठन किया गया है, जिसमें मुख्य चिकित्साधिकारी, डॉ. मुंशीलाल अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, आईएमए के अध्यक्ष डॉ. आशीष अग्रवाल, संतोष अस्पताल की डॉ. अल्का अग्रवाल, राम सरन गर्ग इंडो-जर्मन अस्पताल के मुख्य संरक्षक राकेश गर्ग, अस्पताल की सीईओ डॉ. ज्योति को रखा गया है तथा प्रशासनिक समन्वयक खालिद अंजुम अपर नगर मजिस्टे्रट (प्रथम) को बनाया गया है। इस समिति के मुख्य संरक्षक जिलाधिकारी स्वयं हैं। यह समिति अस्पताल में सभी आवश्यक उपकरणों की स्थापना से लेकर उनके संचालक तक सभी दायत्विों का निर्वहन करेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि अस्पताल शुरू करने के लिए मई के तीसरे सप्ताह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समिति की पहली बैठक 27 मई को होगी।