गौतम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया क्रिसमस डे

-स्कूल में सांता क्लॉज की ड्रेस पहन बच्चों ने मचाया धमाल
-द्वेष और शत्रुता से युक्त विश्व को बंधुत्व, अहिंसा, प्रेम और सहिष्णुता का दिया संदेश: तनुजा

गाजियाबाद। गौतम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रताप विहार के प्रागंण में शनिवार को क्रिसमस डे धूमधाम से मनाया गया। स्कूल के बच्चों ने सांताक्लाज की पोशाक पहनीं। प्रधानाचार्या पूनम गौतम ने क्रिसमस डे पर धार्मिक सद्भावना बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि क्रिसमस या बड़ा दिन ईसा मसीह या यीशु के जन्म की खुशी में मनाया जाने वाला पर्व है। यह 25 दिसंबर को पड़ता है क्रिसमस से 12 दिन के उत्सव क्रिसमसटाइड की भी शुरुआत होती है। एन्नो डोमिनी काल प्रणाली के आधार पर यीशु का जन्म, 7 से 2 ई. पू. के बीच हुआ था। क्रिसमस का त्योहार वैसे तो ईसाई धर्म से जुड़ा हुआ है। किन्तु यह विश्व में हर जगह लगभग सभी धर्मों के लोगों द्वारा मनाया जाता है। क्रिसमस के आगमन पर पूरे विश्व हर्षोल्लास की लहर दौड़ जाती है। पूनम गौतम ने बताया क्रिसमस डे यीशु के जन्म की खुशी में मनाया जाने वाला पर्व है। संत निकोलस को सांताक्लाज के नाम से जाना जाता है। संत निकोलस चाहते थे कि कोई भी व्यक्ति उदास ना हो इस वजह से हर क्रिसमस की रात को बच्चों को गिफ्ट में चाकलेट बांटते थे।

उप प्रधानाचार्या तनूजा ने बताया कि ईसाई धर्म की स्थापना हजरत ईसा मसीहा ने की थी। उन्होंने घृणा, ईष्या, द्वेष और शत्रुता से युक्त विश्व को विश्व बंधुत्व, अहिंसा, प्रेम और सहिष्णुता का संदेश दिया था और इन्हीं शाश्वत सिद्धान्तों पर ईसाई धर्म की नीव रखी थी। पूरी मानव जाति के कल्याण के लिए उन्होंने अपना बलिदान दे दिया था। आज पूरा विश्व उनके उपकार को मानता है। क्रिसमस के आगमन से कई दिन पूर्व इसकी तैयारियां शुरू हो जाती हैं।

उन्होंने बताया यह विशेष दिन एकता, शांति और भाईचारे के बंधन को मजबूत करेगा। मसीह के महान विचार और आदर्श लोगों को सेवा प्रदान करने और समाज में सकारात्मक अंतर लाने के लिए प्रेरित करते हैं। वे शुरू से ही समाज मे मानवता का संदेश दिया। ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाया और कहा कि सब परम पिता परमेश्वर की संतान है। अपना आदर करो और अपना आत्मसम्मान जगाओ। सत्य की खोज की प्रवृति उनमें बचपन से ही थी इसीलिए उनका संदेश आज समाज के लिए आईना है। इस अवसर पर विद्यालय मे विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं व एक्टिविटी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने क्रिसमस के लिए सैंटा कैप, क्रिसमस स्टार क्रिसमस ट्री, स्नोमैन इत्यादि बनाये। एकडमिक हेड चेतन शर्मा ने छात्रों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विद्यार्थियो ने सान्ता क्लॉज के भेष में, टॉफी बांटते हुए सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षकों ने अपना योगदान दिया।