गाजियाबाद में बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड, लगातार 172 घंटे तक चलेगा सफाई अभियान

172 घंटे तक चलेगी मुहिम, 100 घंटे किए पूरे

गाजियाबाद। रोटरी इंटरनेशनल तथा नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से स्वच्छता का महाअभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को बुधवार की शाम 4 बजकर 21 मिनट पर 100 घंटे पूरे हो गए। 172 घंटे तक यह अभियान चलाकर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया जाना है। इस प्रयास के सकारात्मक संकेत भी मिलने लगे हैं। स्वच्छता अभियान में नागरिक भी सहयोग कर रहे हैं। नगर निगम के विजय नगर जोन में जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल से स्वच्छता अभियान की शुरूआत की गई थी। इसके मद्देनजर समस्त वार्डों की आंतरिक गली तथा बाहरी क्षेत्र में सफाई की जा रही है।मुख्य रूप से सेन चौक, लीलावती चौराहा, शहीद चौराहा, गौशाला, गऊपुरी, पुराना विजय नगर, सम्राट चौक, डबल टंकी रोड आदि स्थानों पर यह अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को शाम 4 बजकर 21 मिनट पर सफाई महाअभियान के 100 घंटे पूर्ण हो गए। इस दौरान नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई में जुटे वॉलिंटियर्स तथा सफाई कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि पूर्व में 168 घंटे लगातार सफाई करने का रिकॉर्ड कायम है। इस रिकॉर्ड को तोड़कर अबकी बार 9 अक्टूबर को शनिवार शाम 4:21 पर 172 घंटे पूर्ण होंगे और एक नया रिकॉर्ड कायम होगा।

उन्होंने बताया कि यह केवल सफाई अभियान न होकर अपितु जन-जागरूकता अभियान है, जिसमें लोग स्वयं अपनी इच्छा से अपने आस-पास की सफाई में जुटे हैं। एक को देखकर दूसरा और दूसरे को देखकर तीसरा घर सफाई के प्रति आगे बढ़ रहा है। सफाई के प्रति जन-जागरूकता का यह अभियान नगर निगम द्वारा निरंतर चलाया जाता रहेगा। अभियान में आमजन की रूचि से नगरायुक्त भी उत्साहित दिखाई दिए। स्वच्छता अभियान के शुभारंभ के दौरान मेयर आशा शर्मा ने कहा था की सफाई कोई ऐसा अभियान नहीं है जिसे केवल 1 दिन चलाकर समाप्त कर दिया जाए। शहरवासियों को अपने घर से शुरू कर सफाई अभियान को आगे बढ़ाना है ताकि शहर पूर्ण रूप से गंदगी मुक्त हो जाए। नगर निगम हर प्रथक प्रयास नागरिकों के हित में करता रहेगा। इस अभियान में पार्षदों का भी अपेक्षित सहयोग मिल रहा है।