आज फिर गाजियाबाद आएंगे योगी, रविवार को प्रबुद्ध नागरिकों संग करेंगे वार्ता

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को एक बार फिर गाजियाबाद आ रहे हैं। ऐसे में वह गाजियाबाद शहर और साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र के प्रबुद्ध मतदाताओं की नब्ज को टटोलने का प्रयास करेंगे। सीएम का कार्यक्रम फाइनल होने के बाद भाजपाइयों ने भी अपने स्तर से तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को दोपहर साढ़े 12 बजे कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज, मोहन नगर में प्रबुद्ध मतदाताओं के साथ बैठक करेंगे। वहीं, घर-घर मतदाताओं के लिए जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद गाजियाबाद सदर सीट में नेहरूनगर सेकेंड स्थित नगर निगम के ऑडिटोरियम में दोपहर 2 बजे प्रबुद्ध मतदाताओं के साथ बैठक करने के बाद घर-घर संपर्क अभियान का शुभारंभ करेंगे।
भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि साहिबाबाद और गाजियाबाद शहर सीट क्षेत्र के प्रबुद्ध मतदाताओं के साथ बैठक का कार्यक्रम निर्धारित हो गया है। वह प्रबुद्ध मतदाताओं की नब्ज टटोलने के लिए यह बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम फाइनल होने के बाद भाजपा संगठन कार्यक्रम को सफलता पूर्वक कराने की तैयारी में जुट गया।
बता दें कि जिले में आगामी 10 फरवरी को पहले चरण में मतदान होना है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ भाजपा के स्टार प्रचारक हैं। गाजियाबाद जिले में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिले में पांचों सीटों पर भाजपा का कब्जा है। ऐसे में दोबारा से प्रदर्शन दोहराने के लिए मुख्यमंत्री योगी उन मतदाताओं के साथ बैठक करेंगे, जो प्रबुद्ध वर्ग से आते हैं। इन दोनों बैठकों में 200 से अधिक मतदाताओं के अलावा भाजपा प्रदेश सह संयोजक पीयूष मिश्र,भाजपा पदाधिकारी और प्रत्याशी भी शामिल होंगे। बैठक के लिए शिक्षक,साहित्य, चिकित्सक व व्यापारी वर्ग के मतदाताओं को चिन्हित किया गया हैं। मुख्यमंत्री का जिले में एक माह में यह तीसरा दौरा होगा। इससे पहले योगी 8 जनवरी को चुनाव की घोषणा से पहले ही 25 दिसंबर को गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में रोड-शो निकालकर भाजपाइयों के पक्ष में माहौल बनाया था। 17 जनवरी को वह कोरोना की तीसरी लहर में गाजियाबाद के लेवल-3 के कोविड अस्पताल संतोष मेडिकल कालेज का निरीक्षण करने आए थे। तब वह निरीक्षण के लिए आए थे और भाजपा के चुनाव प्रचार वाहनों को हरी झंडी भी दिखाने वाले थे। हालांकि अंतिम समय पर यह संगठन का कार्यक्रम रद्द हो गया था। मुख्यमंत्री योगी आज मतदाताओं से पांच साल में सरकार के कार्य के बारे में उनकी राय के साथ स्थानीय विधायक के रवैये को लेकर भी पूछताछ कर सकते हैं।