गाजियाबाद। शहर में शनिवार से 5 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन आरंभ हो गया। रोडवेज के कौशांबी बस स्टेशन से कौशांबी से मुरादनगर के बीच यह बसें आरंभ की गई हैं। रोडवेज के आरएम अखिलेश कुमार सिंह ने एआरएम ने मातहतों के साथ इलेक्ट्रिक बस में बैठकर सफर भी किया। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) के क्षेत्रीय प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि गाजियाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा सुबह 10 बजे से वातानुकूलित 5 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कौशांबी बस अड्डे से मुरादनगर तक के लिए शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि उम्मीद है कि बुधवार से शहर में 10 इलेक्ट्रिक बसों का ओर संचालन शुरू हो जाएगा। यह इलेक्ट्रिक बसें मिलने के बाद पहले से निर्धारित किए गए अन्य रूटों पर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इन बसों को एक बार रिचार्ज करने के बाद 120 किलोमीटर तक संचालित हो सकेंगी। यह लो फ्लोर बसें है।
इन बसों का कौशांबी से सिहानी चुंगी तक 25 रुपए किराया होगा। डाबर मोड़ तक 10 रुपए और मुरादनगर रावली रोड तक 40 रुपए किराया होगा। बसों का संचालन कौशांबी बस अड्डे से सुबह 6 बजे से रात में 10 बजे तक करने की प्लानिंग की गई हैं। आरएम ने बताया कि इन बसों में चालक-परिचालक वर्दी में रहेंगे। इलेक्ट्रिक बसों का कोरोना प्रोटोकॉल के नियमों का पालन करते हुए संचालन किया जाएगा। इसके लिए चालक एवं परिचालक को निर्देश दिए गए हैं। आरएम ने बताया कि बसों के संचालन के समय चालक-परिचालक मास्क लगाकर रखेंगे। सैनेटाइजर की स्प्रे बोतल, बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को मास्क लगाना जरूरी होगा। बसों में चढऩे से पहले यात्री हाथों को सैनेटाइज करेंगे।इसके लिए बसों की सेवा प्रदाता कंपनी मैर्स पीएमआई द्वारा नियमित रूप से बसों को सैनेटाइज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 10 इलेक्ट्रिक बसें बुधवार को मिल जाएगी। फिलहाल 5 बसों का संचालन मुरादनगर तक शुरू कर दिया गया। पहले दिन बसों में यात्रियों की संख्या भी ठीक रही। 30 सीटर इन बसों का फिलहाल मुरादनगर तक ही संचालन किया जाएगा। जैसे-जैसे बसें आएंगी। उन बसों का अन्य रूटों पर संचालन शुरू कर दिया जाएगा।















