आचार संहिता लागू: निगम ने 1000 से ज्यादा होर्डिंग, कटआउट हटाकर किए जब्त

गाजियाबाद। नगरीय निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद आचार संहिता लागू हो गई। ऐसे में जिला प्रशासन ने नगर निगम व पुलिस टीम के साथ शहर में लगे सभी राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग-बैनर,कटआउट आदि को हटाने का काम जारी है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर शहर में होर्डिंग हटाने की कार्रवाई जारी हैं। एडीएम सिटी गंभीर सिंह ने बताया कि रविवार की रात और सोमवार की शाम तक शहर में लगे राजनीतिक दलों के 1000 से ज्यादा होर्डिंग, बैनर, कटआउट आदि को हटाकर उन्हें जब्त कर लिया गया। आचार संहिता लगने के बाद 24 घंटे में होर्डिंग, बैनर, पोस्टर हटाए जाएंगे।


जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने शहर की सड़कों से विभिन्न क्षेत्रों में लगे राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंंग हटाने का काम जारी है। देर रात तक होर्डिंंग हटाने का काम  जारी रहा। एडीएम सिटी ने बताया कि हापुड़ रोड, कविनगर, राजनगर, विजयनगर, हापुड़ चुंगी, गोविंदपुरम, सेक्टर-23 संजयनगर,राजनगर एक्सटेंशन के अलावा दिल्ली वजीराबाद रोड, ग्रांड ट्रंक रोड, लिंक रोड,न्यू लिंक रोड सौर ऊर्जा रोड, अग्रसेन मार्ग, डा. बर्मन रोड, करन गेट चौकी रोड, साहिबाबाद, शालीमार गार्डन मुख्य मार्ग, राजेंद्र नगर मुख्य मार्ग, सूर्यनगर, साइट-4 साहिबाबाद मुख्य मार्ग आदि से होर्डिंग को हटाया गया। इनमें राजनीतिक दलों के होर्डिंग की संख्या अधिक है। इसके अलावा वसुंधरा और मोहन नगर जोन से राजनीतिक होर्डिंग हटाने का काम किया गया। खंभे, सेंट्रल वर्ज, ग्रीन बेल्ट, पेड़, दीवार, भवनों आदि पर लगाए गए होर्डिंंग को हटाया गया। वसुंधरा, वैशाली, इंदिरापुरम, कौशांबी और राजेंद्र नगर पाश इलाकों गलियों में लगे होर्डिंंग को भी हटाते हुए उन्हें जब्त कर लिया गया। राजनीतिक दलों के लगे होर्डिंग अगले 24 घंटे के अंदर सभी हटाए जाने है। इसलिए शहर में होर्डिंग,बैनर,कटआउट हटाने की कार्रवाई जारी रही।
फोटो न: 5