18 अक्टूबर से 17 नवंबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान

-अभियान को सफल बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

गाजियाबाद। जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 18 अक्टूबर से 17 नवंबर तक चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक की गई। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
सीडीओ अस्मिता लाल ने जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी अपनी कार्ययोजना तैयार करते हुए आगामी 11 अक्टूबर को स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्तर पर कार्रवाई की जा रही हैं। प्रदेश शासन के निर्देश पर आगामी 18 अक्टूबर से 17 नवंबर तक जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के गांव-गांव एवं शहर के मोहल्लों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करते हुए मच्छर जनित बीमारियों से लोगों को सुरक्षित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए। ताकि उसके अनुरूप जिले में कार्यक्रम को पूर्ण रूप से सफल बनाया जा सके। सीडीओ ने विगत वर्ष में संचालित किए गए संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए पाया कि जिले में मच्छर जनित बीमारियों में कमी आई है। जनपद में 27000 मलेरिया को लेकर जांच की गई हैं। जिसमें कुल 16 केस मलेरिया के मिले हैं। चिकनगुनिया का कोई भी केस नहीं है। 356 लोग डेंगू के चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। शहरी क्षेत्रों में 50 टीम और ग्रामीण क्षेत्र में 20 टीम संचालित हैं।
टीमें सक्रिय होकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान के संबंध में प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जाए। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम,शिक्षा विभाग, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, कृषि, सिंचाई विभाग, सूचना विभाग ,दिव्यांगजन विभाग आदि विभाग के अधिकारियों को इससे जोड़ा गया है। अभियान में अपने-अपने विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करते हुए जिले को मच्छर जनित बीमारियों से सुरक्षित बनाने की विशेष कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। नगर निगम, नगर पालिका,  नगर पंचायत एवं पंचायत विभाग विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करते हुए गली-गली एवं मोहल्लों में नालियों की सफाई करें। फॉगिंग,एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाए। सीडीओ ने कहा कि इस कार्यक्रम में आशा एवं एएनएम की अहम भूमिका है। इसमें सक्रियता दिखाते हुए सफल बनाएं। इस मौके पर सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर, परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित, डॉ.आरके यादव, डब्ल्यूएचओ के डॉ. अभिषेक आदि अधिकारी मौजूद रहे।