निगम की जमीन पर कब्जा पड़ा भारी, दर्ज होगी एफआईआर

नगर निगम के संपत्ति अधीक्षक ने सिहानी गेट थाने में दी तहरीर

गाजियाबाद। नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नासिरपुर फाटक के पास राकेश मार्ग पर बेशकीमती भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। करीब 900 मीटर जमीन पर नगर निगम ने अपना कब्जा ले लिया है। यह भूमि कई करोड़ रुपए कीमत की है। संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिहानी गेट में शिकायत की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। राकेश मार्ग पर खसरा नंबर-641/1 में नगर निगम की 900 वर्ग मीटर भूमि पर कुछ असरदार व्यक्तियों ने अवैध कब्जा कर लिया था।

यह भूमि कई करोड़ रुपए कीमत की है। अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर नगर निगम ने संबंधित भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया है। नगर निगम की बोर्ड बैठक में भी यह मामला उठाया गया था। आरोपियों ने भूमि पर कब्जा कर ऊंची-ऊंची चारदीवारी कर ली थी। बड़े-बड़े कॉलम खड़े कर लेंटर डालने की तैयारी की जा रही थी। इस प्रकरण में नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर से भी शिकायत की गई थी। शिकायत मिलने पर नगरायुक्त ने भूमि को कब्जा मुक्त कराने का आदेश दिया था। भू-माफिया के खिलाफ जारी अभियान के तहत नगर निगम ने संबंधित भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया है।

उधर, नगर निगम के संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम ने थाना सिहानी गेट में इस संबंध में शिकायत की है। उन्होंने पुलिस को अवगत कराया है कि संबंधित भूमि की बावत कोर्ट में वाद विचाराधीन है। कोर्ट ने यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दे रखे हैं। इसके बावजूद कुछ असरदार व्यक्ति वहां पर अवैध निर्माण करने का प्रयास कर रहे हैं। भूमि को कब्जा मुक्त कराए जाने के दौरान आरोपियों ने कार्य में बाधा उत्पन्न करने की भी कोशिश की। पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच शुरू कर दी है।