कोविड-19 महामारी: व्यापारियों ने चलाया जागरूकता अभियान

 

गाजियाबाद। कोरोना वायरस से बचाव के लिए गुरुवार को जनपद में जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जन-जन को प्रशिक्षित कर बचाव के उपाय बताए गए। महानगर उद्योग व्यापार मंडल द्वारा कोविड-19 महामारी के पुन: बढ़ जाने के कारण गाजियाबाद की जनता को जागरूक करने और उसकी रोकथाम के लिए ई-रिक्शा द्वारा अनाउंसमेंट कर जागरूकता अभियान प्रारंभ किया है। जागरूकता अभियान के लिए ई-रिक्शा को महानगराध्यक्ष गोपीचंद ने रवाना किया। महानगर अध्यक्ष गोपीचंद ने कहा साबुन से बार-बार हाथ धोना, भीड़-भाड़ वाले स्थान से दूर रहना, अपने चेहरे को बार-बार न छूना, सार्वजनिक स्थान पर न थूकना ही कोरोना से बचाव का रास्ता है। इस संबंध में सभी को जागरूक किया गया। प्रांतीय युवा महामंत्री राजदेव त्यागी ने बताया अपने देश की परम्परा के अनुसार नमस्कार करें हाथ न मिलाएं। जरूरी न हो तो यात्रा से बचें। मास्क लगाएं। बचाव के लिए जरूरी बातों को ध्यान में रखते हुए अमल में लाने से हम इससे बच सकते हैं। स्वयं भी मास्क पहने तथा ग्राहकों को भी मास्क पहनने के लिए जागरूक करें तथा जो भी व्यक्ति बिना फेस मास्क पहने आए उसे सामान कतई ना दें। कोविड-19 की रोकथाम के लिए बने 2 गज दूरी के नियमों का गंभीरता से पालन करें तथा लगातार हाथ साबुन से धोते रहे। इस मौके पर महामंत्री अशोक चावला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील गोयल, हर्ष बत्रा, अरुण कक्कड़, महानगर युवा महामंत्री पंकज गुप्ता, डॉ. राजेंद्र अरोड़ा, प्रदीप बंसल, हितेंदर शर्मा, सरदार मुखविंदर सिंह भाटिया, सौरभ, शोभित त्यागी, अमित चानना, कुलदीप वालिया, मनोज बोहरा, जगदीश यादव व अमित पाहूजा आदि व्यापारी उपस्थित रहे।